Bihar: 'अमित शाह या सम्राट चौधरी के निर्देश पर बिहार पुलिस ने किया यह काम'- तेजस्वी ने DGP को लिखी बड़ी बातें
Bihar News: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव शुक्रवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मिले। तेजस्वी ने पुलिस पर तो आरोप लगाए ही, मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री को भी समेट दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार से मुलाकात की और पूरे मामले में संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। मुलाकात के बाद सरदार पटेल भवन से बाहर निकलते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के विरोध में लोकतांत्रिक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बिहार पुलिस ने AK-47 जैसे घातक हथियारों से गोली चलाई और बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
तेजस्वी यादव ने बताया कि राष्ट्रीय जनता दल के प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को ज्ञापन सौंपकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि छात्रों पर AK-47 से फायरिंग क्यों की गई, भीड़ नियंत्रण के लिए निर्धारित 'ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान' और एसओपी का पालन क्यों नहीं हुआ तथा फायरिंग का आदेश देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने संबंधित जिले के एसपी पर तत्काल कार्रवाई और पुलिस की भूमिका की न्यायिक जांच की मांग की।
डीजीपी ने तेजस्वी को क्या आश्वासन दिया?
डीजीपी से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उनकी बातचीत में डीजीपी विनय कुमार ने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर AK-47 के इस्तेमाल का फैसला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी या फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर हुआ होगा। साथ ही कहा कि उनकी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल घायल छात्रों और उनके परिजनों से मिलने गया है तथा वह स्वयं भी छात्रों से मुलाकात कर चुके हैं।
बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और पुलिस प्रशासन मनमानी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों पर गोली चलाने के आरोपित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने कठोर कार्रवाई नहीं की, तो विपक्ष इस मुद्दे पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगा।