Gorakhpur Fire: निष्ठा ट्रेडर्स के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने तीन घंटे बाद पाया काबू
गोरखपुर के रायगंज स्थित निष्ठा ट्रेडर्स की कपड़े की दुकान में मंगलवार शाम शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग गोदाम तक फैल गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
विस्तार
गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रायगंज में मंगलवार की शाम निष्ठा ट्रेडर्स नामक कपड़े की दुकान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पीछे गोदाम तक पहुंच गई। इसकी वजह से गलियारे में खड़ी दो बाइक और एक कार भी जलकर खाक हो गई।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, वहीं इससे लगभग सारा सामान जल गया। मौके पर देर रात तक अफरा-तफरी मची रही।
जानकारी के अनुसार, रायगंज में अमित गुप्ता की निष्ठा ट्रेडर्स की दुकान है। वह कपड़ा, चुंदरी, चादर आदि का थोक में व्यापार करते हैं। नीचे गोदाम और ऊपर परिवार रहता था। शाम सात बजे अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग तेजी से दूसरे कमरे में भी फैलने लगी। इससे गलियारे में खड़ी कार और दो बाइक भी जलने लगी।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जबतक पहुंचती तब तक आग तेजी से ऊपर तक फैल गई। आनन-फानन में परिवार के लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला गया। आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद एक-एक कर करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश जारी रही।
मकान में सीढ़ी और छत पर भी कपड़ा रखने की वजह से आग तेजी से फैली। थोड़ी देर बाद डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ भी मौके पर पहुंचे। करीब 10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। सीएफओ संतोष राय ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी गई। आग अंदर तक फैल गई थी। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।