फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   jamshedpur santali film angen national film award raviraj murmu The World of Talent and Hard Work

प्रतिभा और परिश्रम का संसार: लोकल से ग्लोबल तक का सफर

Wed, 22 Jul 2026 01:56 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Wed, 22 Jul 2026 01:56 PM IST
सार

रवि राज मुर्मू ने अपनी संथाली फिल्म ‘आंगेन' के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार जीता है। अक्सर बचपन में दादी-नानी से सुनी कहानियां रचनाकारों के लिए खाद-पानी का काम करती हैं।

विज्ञापन
jamshedpur santali film angen national film award raviraj murmu The World of Talent and Hard Work
प्रतिभा और परिश्रम का संसार: लोकल से ग्लोबल तक का सफर - फोटो : instagram/ravirajmurmu

विस्तार

फिल्म बनाना एक खर्चीला काम है, इसके लिए पैसा चाहिए, लेकिन उससे भी बढ़ कर फ़िल्म बनाने केलिए जुनून चाहिए। पैसा न मिले तो भी जुनून के चलते फ़िल्म बनाई जा सकती है, न केवल फ़िल्म बनाई जा सकती है, वरन सर्वोत्तम निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता जा सकता है। और यही किया है, जमशेदपुर के आदिवासी युवक ने। ‘आँगेन' (अदृश्य) एडिटर-निर्देशक रवि राज मुर्मू ने 7 साल अपने मन की फ़ीचर फिल्म बनाने केलिए विभिन्न प्रोड्यूसर का चक्कर काटने के बाद फिल्म को लघु रूप दिया और सीमित बजट में मात्र 12 मिनट में अपनी फ़िल्म को समेट कर राष्ट्रीय पुरस्कार प्रतियोगिता जीत ली। न केवल जीत ली वरन 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में इतिहास रच दिया।

विज्ञापन


रवि राज मुर्मू ने अपनी संथाली फिल्म ‘आंगेन' के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार जीता है। अक्सर बचपन में दादी-नानी से सुनी कहानियां रचनाकारों के लिए खाद-पानी का काम करती हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले के एक छोटे से आदिवासी गांव में पले-बढ़े रवि राज मुर्मू ने भी बचपन में अपने बुजुर्गों से कहानियां सुनी थीं। चूंकि रवि राज आदिवासी समुदाय से आते हैं, तो उन्होंने आदिवासी लोककथाओं, बोंगा (आत्माओं), जंगल, नदियों की मौखिक परम्परा की कहानियां सुनी। और जब फिल्म बनाई तो अपनी मिट्टी से जुड़ी कहानी को परदे पर उतारा। रेनुआं ने सत्यजित राय को सुझाव दिया था, हॉलीवुड जैसी फिल्म न बनाए, वे अपने आस-पास की फिल्म बनाएं। रवि राज ने अपने आसपास की फिल्म बनाई है।
विज्ञापन


गांव में स्कूल से पढ़ाई प्रारंभ कर रवि राज ने जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज के मास कॉम विभाग से पढ़ाई की। मुझे बताते हुए अच्छा लगता है, करीम सिटी कॉलेज खासकर उसके मास कॉम विभाग से मेरा जुड़ाव है। इसके बाद रवि ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे का रुख किया। वहां 2016- 2019 में फिल्म एडिटिंग में प्रशिक्षण लिया। पुणे से पढ़ाई के बाद उन्होंने मुंबई में रहते हुए नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, जियो सिनेमा और कई विज्ञापन फिल्मों के लिए काम किया। रवि राज ने 'सुंडी' (2026) और 'बुरबोकोर खेल' (बुड़बक का खेल ‘गेम्स ऑफ फूल’) (2022) बनाई। अभी तक मात्र तीन फ़िल्म बनाई एवं तीन ही एडिट की हैं। दो फिल्में प्रड्यूस की हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रथम का महत्व विशिष्ट होता है, इसका स्थान कोई नहीं ले सकता है। झारखंड के आदिवासी इसके पहले भी फिल्म बनाते रहे हैं, मगर प्रथम पुरस्कृत संथाली फिल्म ‘आंगेन’ की सफ़लता यहां के सिनेमा, यहां की संस्कृति को पहचान दिलाएगी इसमें शक नहीं है।

‘आंगेन’ नाम से एक और लघु संथाली फिल्म नेट पर उपलब्ध है। दोनों में फ़र्क है। चरवाहा, बांसुरी, नदी, जंगल आदिवासी समाज का हिस्सा है। मुंडा जनजाति के गीतों पर जगदीश त्रिगुणायत का ‘बांसूरी बज रही है’ नामक एक लोक गीत संग्रह प्रकाशित है। निर्देशक रवि राज की संथाली लोककथा पर आधारित ‘आंगेन’ में बांसुरी बजाने वाला सुक्कू एक चरवाहा है। उसकी बांसुरी की मधुर धुन से आत्माओं की दुनिया में रहने वाली, देवियां खेतों, तालाबों और गांव की कीचड़ भरी सड़कों पर रहने वाली 'सात बहनें' आकर्षित होती हैं। देवियां इस लड़के को पानी मार्ग से स्वर्ग ले जाती हैं, पर वापसी की ‘ओडिसी’ कभी आसान नहीं होती है। जब वह वापस लौटना चाहता है, तो उसे कोई रास्ता नहीं मिलता। उसे केवल तालाब दिखाई देते हैं, वह एक में डुबकी लगाकर दूसरे से बाहर निकलता है।

jamshedpur santali film angen national film award raviraj murmu The World of Talent and Hard Work
प्रतिभा और परिश्रम का संसार: लोकल से ग्लोबल तक का सफर - फोटो : instagram/ravirajmurmu

इस कहानी में एक राजनीतिक और दार्शनिक संदेश छिपा है। रवि राज मुर्मु के अनुसार उन्होंने देवियों को प्रतीकात्मक रूप से 'विकास' के प्रतीक के रूप में दर्शाने का प्रयास किया है। 'विकास' जिसका अंधाधुंध अनुसरण हमें एक ऐसे मोड़ पर ले जा रहा है, जहां से वापसी असंभव है।

फिल्म का अंत जानबूझकर खुला छोड़ा गया है, क्योंकि इसी कहानी पर पूरी फीचर फिल्म अभी बननी बाकी है। रवि मुर्मू के अनुसार यह फिल्म एक पौराणिक कथा मात्र नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज और प्रकृति के बदलते रिश्ते की कहानी भी है। तेजी से हो रहे शहरीकरण के कारण जंगल, जल स्रोत और वे स्थान लगातार खत्म हो रहे हैं, जिन्हें आदिवासी समुदाय अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का हिस्सा मानता है। फिल्म में पानी को दो दुनियाओं के बीच पुल के रूप में दिखाया गया है। रवि का कहना है, विज्ञान भी मानता है, जीवन की शुरुआत पानी से हुई थी, इसलिए उन्होंने इसे फिल्म का केंद्रीय प्रतीक बनाया। 

पुरस्कार मिलने पर ‘आंगेन’ फिल्म के निर्माता-निर्देशक रवि राज मुर्मू खुश हैं। उन्हें इसकी उम्मीद नहीं थी। इसे उन्होंने 2024 में जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज के अपने छात्रों के साथ मस्ती-मजाक में बनाया था। जब वे उन्हें फिल्म निर्माण की बारीकियां सिखा रहे थे। वे लोग पास के प्राकृतिक स्थलों पर गए, वहां इसकी शूटिंग की। वे इस लघु फ़िल्म को फीचर फिल्में बनाने के लिए एक लॉन्चिंग पैड मानते हैं। वे आदिवासी कहानियों और एक-दूसरे के साथ उनके अंतर्संबंध दिखाने हेतु आदिवासी भाषाओं – संथाली, हो, मुंडारी आदि – का उपयोग करके एक फीचर फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। रवि राज को अपनी पहली फ़ीचर लिए कम-से-कम 10-15 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।  

उन्हें प्रोड्यूसर मिले, उनकी यह इच्छा पूरी हो, इसी शुभकामना के साथ उन्हें ‘आंगेन’ के गैर फ़ीचर फिल्म के राष्ट्रीय पुरस्कार की बधाई!

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed