सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Sri Lanka Crush Oman by 105 Runs; Shanaka Sets Record in Second-Biggest T20I Win T20 World Cup

श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हराया: T20I में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की, कप्तान शनाका ने बनाया रिकॉर्ड

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पल्लेकेले Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 12 Feb 2026 02:51 PM IST
विज्ञापन
सार

श्रीलंका ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 225 रन बनाए। मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन), रत्नायके (28 गेंद पर 60) और शनाका (20 गेंद पर 50) ने ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जवाब में ओमान की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी।

Sri Lanka Crush Oman by 105 Runs; Shanaka Sets Record in Second-Biggest T20I Win T20 World Cup
श्रीलंका बनाम ओमान - फोटो : ANI/IANS
विज्ञापन

विस्तार

श्रीलंका ने पल्लेकेले में खेले गए टी20 विश्वकप 2026 के 16वें मैच में ओमान को 105 रन से हरा दिया है। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2007 में श्रीलंका ने केन्या को जोहानिसबर्ग में 172 रन से शिकस्त दी थी। वहीं, कप्तान दासुन शनाका ने भी टी20 में श्रीलंका के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। श्रीलंका की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान का नंबर आता है। ओमान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका के सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदें प्रबल हो गई हैं। ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।
Trending Videos

श्रीलंका की पारी
श्रीलंका ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 225 रन बनाए। मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन), रत्नायके (28 गेंद पर 60) और शनाका (20 गेंद पर 50) ने ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जितेन रामानंदी ओमान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा जय ओडेरा और सुफयान महमूद ने एक एक विकेट लिया। महमूद ने हालांकि अपने चार ओवर में 60 रन लुटाए।
 
  • मेंडिस ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी जबकि रत्नायके और शनाका ने महत्वपूर्ण समय पर अपनी लय हासिल की। आयरलैंड के खिलाफ केवल पांच रन बनाकर आउट होने वाले रत्नायके ने 24 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया।
  • इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 12वें ओवर में तेज गेंदबाज जितेन रामानंदी पर पारी का पहला छक्का लगाया और सुफयान महमूद को लगातार तीन चौके लगाकर यह अपना अर्धशतक पूरा किया। रत्नायके और मेंडिस ने केवल 52 गेंद पर 94 रन की साझेदारी की। मेंडिस ने भी अपना लगातार दूसरा और कुल मिलाकर 19वां अर्धशतक लगाया। उनकी पारी में सात चौके शामिल हैं। वह आखिरी ओवर से ठीक पहले रन आउट हो गए।
  • इस टूर्नामेंट से पहले रन बनाने के लिए जूझ रहे शनाका ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया और केवल 19 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया जो श्रीलंका की तरफ से टी20 विश्व कप में नया रिकॉर्ड है। इससे पहले भी श्रीलंका की तरफ से सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड शनाका के नाम ही था। दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 2023 में पुणे में भारत के खिलाफ 20 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। शनाका ने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए।
  • शनाका ने नदीम खान पर चौका और लगातार दो छक्के लगाए और फिर सुफयान महमूद पर लगातार छक्के जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। शनाका और मेंडिस 19वें ओवर में लगातार गेंदों पर आउट हो गए। कामिंदु मेंडिस (नाबाद 19) ने शाह फैसल को लगातार दो छक्के लगाकर पारी का शानदार अंत किया। श्रीलंका ने आखिरी चार ओवरों में 65 रन बनाकर मौजूदा संस्करण में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

ओमान की पारी
  • ओमान के बल्लेबाजों के पास श्रीलंका के तेज और स्पिन आक्रमण का कोई जवाब नहीं था और उसकी टीम नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी।
  • उसकी तरफ से केवल मोहम्मद नदीम ही संघर्ष कर पाए जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से दुष्मंत चामीरा और महीश तीक्षणा ने दो दो विकेट लिए।
  • ओमान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए। कप्तान जतिंदर सिंह (01) फिर से नाकाम रहे और चमीरा ने उन्हें पारी के पहले ओवर में ही पवेलियन की राह दिखा दी।
  • दूसरे सलामी बल्लेबाज अमीर कलीम (06) भी दूसरे ओवर में तीक्षना के शिकार बने जबकि चामीरा ने पावरप्ले के अंतिम ओवर में हम्माद मिर्जा (09) का विकेट लिया।
  • ओमान ने पावरप्ले में तीन विकेट पर 36 रन बनाए। ओमान की तरफ से नदीम के अलावा वसीम अली ही दोहरे अंक में पहुंचे। उन्होंने 20 गेंद पर 27 रन की अपनी पारी में तीन छक्के लगाए।
  • नाजिम और वसीम ने चौथे विकेट के लिए 42 रन जोड़े लेकिन यह साझेदारी टूटने के बाद ओमान की पारी का पतन हो गया।
  • नदीम ने 52 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed