UP: गाजियाबाद में 500 झुग्गियों में लगी भीषण आग, एक-एक कर फटे सिलिंडर, छह बच्चों के लापता होने की आशंका
गाजियाबाद के कनवानी गांव में झुग्गियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 500 से ज्यादा झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान झुग्गियों में रखे सिलिंडर एक-एक कर कर फटने लगे। धमाकों से इलाके के लोग दहल उठे। कुछ बच्चों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
विस्तार
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 500 से अधिक झुग्गियां देखते ही देखते जल उठीं। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग में करीब छह बच्चों के लापता होने की बात सामने आ रही है। हालांकि किसी अधिकारी ने अभी यह पुष्टि नहीं की है।
आग लगने के तुरंत बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक-एक करके फटने लगे। इन धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। अग्निशमन अभियान में कई घंटे लगने की संभावना है क्योंकि आग बड़े क्षेत्र में फैली है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि यह जानकारी सामने आ रहा है कि कबाड़ के गोदाम में आग लगी थी, जिसके बाद यह झुग्गियों में फैलती चली गई।
नहीं मिल रहे बच्चे, परिवार परेशान
कनवानी गांव में लगी आग के दौरान बड़ी संख्या में निवासी अपने काम पर गए हुए थे। इस दौरान कई परिवारों के छोटे बच्चे झुग्गियों में ही मौजूद थे। अचानक फैली आग की वजह से लोगों को भागने का या सामान व परिवार वालों को बचाने का बहुत कम समय मिला। वहीं कई परिवार वाले घटनास्थल के आसपास रोते बिलखते नजर आए। लोगों ने बताया कि उनके बच्चे आग लगने के बाद से लापता हैं। डीसीपी सिटी धवल जयसवाल ने बताया कि आग को बुझाया जा चुका है। अभी भी काम चल रहा है। कूलिंग कार्य के बाद कॉम्बिंग की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X