सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Gorakhpur triple murder Minor accused I was fed up with discrimination at least you ll get meals In jail

UP: 'भेदभाव से आ चुका था तंग, जेल में दो वक्त की रोटी तो मिलेगी', इसलिए भाई-भाभी के साथ मासूम को भी मार डाला

अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर Published by: Sharukh Khan Updated Tue, 23 Jun 2026 02:53 PM IST
विज्ञापन
सार

गोरखपुर के बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात में रविवार की रात ढाई बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। आरोप है कि 17 वर्षीय छोटे भाई ने पारिवारिक विवाद के चलते बड़े भाई, भाभी और चार वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी।

Gorakhpur triple murder Minor accused I was fed up with discrimination at least you ll get meals In jail
Gorakhpur triple murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार

गोरखपुर के बांसगांव में अपने परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के आरोपी बाल अपचारी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह घर में भेदभाव से तंग आ गया था। उसे ठीक से भोजन तक नहीं मिलता था। कपड़े खरीदने तक के पैसे नहीं मिलते थे। अब जेल में कम से कम दो वक्त की रोटी तो मिलेगी।


एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि आरोपी बाल अपचारी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि घर का माहौल उसके लिए ठीक नहीं था। पांचवीं तक वह पढ़ने में काफी अच्छा था लेकिन उसके बाद उसे पढ़ने नहीं दिया गया। किसी तरह मजदूरी करके उसने अपनी फीस दी और नौवीं तक पढ़ाई की। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके बाद दसवीं में वह फेल हो गया। आरोपी ने बताया कि वह अक्सर घर में कहता भी था कि उसके साथ गलत हो रहा है लेकिन कोई सुनता नहीं था। केवल बड़े भाई की ही सुनी जाती थी। उसने पुलिस को बताया कि पिछले दो दिन से भी उसको भोजन नहीं मिला था। 
विज्ञापन

मोबाइल फोन रिचार्ज के लिए भी रुपये बहन से लेने पड़ते थे। इन्हीं सब चीजों से तंग आकर उसने हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी छत पर जाकर बैठ गया था। वहां पिता ने कुंडी लगा दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
 

दो महीने पहले की थी शिकायत, हिस्से के लिए मार डाला
पिता हरिलाल गुप्ता ने बताया कि वह कैंसर पीड़ित हैं और पत्नी हार्ट की मरीज हैं। बड़ा बेटा अंडे और पान की दुकान लगाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। साथ ही उनका इलाज भी करवाता था। छोटा बेटा नौंवी की पढ़ाई करने के बाद घर पर रहने लगा। वह व्यवसाय करने के लिए अक्सर रुपये की मांग करता था। 

उन्होंने जब रुपये देने में असमर्थता जताई तो उनके और भाई के साथ मारपीट व गाली-गलौज करता था। दो महीने पहले उन्होंने छोटे बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। पिता का आरोप है कि वह पूरी जायदाद लेना चाहता था। इसीलिए उसने भाई को मार डाला। उनका एक मकान है जिसमें उनका और बड़े भाई का परिवार रहता है। खेती सिर्फ एक बीघा है।

घर से 200 मीटर की दूरी पर मिलती है कच्ची शराब
पिता ने बताया कि छोटा बेटा सिगरेट और शराब का आदी था। घर से थोड़ी दूर स्थित डिग्री काॅलेज के सामने ही कच्ची शराब मिलती है। शराबियों द्वारा परिवार से पैसा मांगने के लिए उकसाया जाता था। नशे की वजह से ही वह परिवार में आए दिन विवाद करता था।

 

12 साल बाद हुआ था बेटा
ग्रामीणों का कहना है कि अमित और रंजना की शादी 16 साल पहले हुई थी। शादी के काफी दिनों तक बच्चे नहीं होने के कारण पति-पत्नी ने लड़की को गोद लिया था। इसके छह साल बाद दंपती को बेटा हुआ था। आरोपी ने उसे भी मार डाला।
 

बाबू को छोड़ने के लिए कहा लेकिन उसे भी मार डाला...
वारदात की चश्मदीद मासूम ने पुलिस को बताया कि रात में वह, बाबू, मम्मी और पापा खाना खाकर रात में कमरे में सोने चले गए थे। रात में दरवाजा खुला था। उसी दौरान चाचा गंडासा लेकर आए और पापा के गर्दन पर वार कर दिया। उसके बाद मम्मी को भी मार डाला। यह देख वह रोने लगी। वह बाबू की तरफ गया। उसने बाबू को छोड़ने के लिए कहा लेकिन उसको भी मार दिया। इसके बाद उसे भी जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। चाचा के जाने के बाद उसने बाबा-दादी को पूरा घटनाक्रम बताया।

 

बड़े भाई, भाभी और मासूम भतीजे की धारदार हथियार से हत्या
गोरखपुर के बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात में रविवार की रात ढाई बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। आरोप है कि 17 वर्षीय छोटे भाई ने पारिवारिक विवाद के चलते बड़े भाई, भाभी और चार वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी साउथ दिनेश पुरी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान अमित गुप्ता (37), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (35) और चार वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी के पास से घटना में प्रयुक्त रॉड और गंडासा भी बरामद कर लिया है।

एसपी साउथ ने बताया कि रविवार देर रात करीब तीन बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की सूचना प्राप्त हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमित गुप्ता पत्नी, बेटी और बेटे के साथ कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उनके 17 वर्षीय छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर अमित, उनकी पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी बाल अपचारी से पूछताछ जारी है। उसने अपना जुर्म कबूल लिया है। अमित गुप्ता के पिता हरिलाल गुप्ता की तहरीर पर बांसगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- दिनेश पुरी, एसपी साउथ
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed