लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि शिव अवतारी गुरु गोरखनाथ ने भारतीय संस्कृति व अध्यात्म को देश के कोने-कोने तक पहुंचाया है। इससे प्रभावित होकर ही लाखों लोग मंदिर में पूजा-पाठ करते हैं। गुरु गोरखनाथ की कृपा से देश वैभवशाली बना है। गोरक्षपीठ समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए काम कर रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला शनिवार को पहली बार गोरखपुर आए।
पहली बार गोरखपुर आए लोकसभा अध्यक्ष, बोले- भारतीय संस्कृति व अध्यात्म में गोरक्षपीठ का बड़ा योगदान
इसके बाद सड़क मार्ग से जाकर बस्ती महोत्सव में हिस्सा लिया। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में ही मीडियाकर्मियों से बात। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सामाजिक कल्याण के लिए गोरक्षपीठ का काम सराहनीय है। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल व गोशाला के माध्यम से सेवा को आगे बढ़ाया जा रहा है। गांव व शहरों में अध्यात्म, संस्कार बने हुए हैं, इसमें गोरक्षपीठ का बड़ा योगदान है। किसान आंदोलन व महंगाई के मुद्दे पर लोकसभा की कार्यवाही बाधित किए जाने से संबंधित सवाल पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि संसद सत्र अच्छे से चले, यही प्रयास रहता है। सभी सदस्य क्षेत्र की समस्याएं संसद में उठाएं और सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं। इसपर चर्चा होगी। निश्चित ही सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। चर्चा, संवाद, सहमति व असहमति भारतीय लोकतंत्र की विशेषता है। भले ही एक दूसरे का विरोध हो, लेकिन जब देशहित की बात आती है, तो सब एक हो जाते हैं।
गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन, गो-सेवा भी की
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला शनिवार की सुबह गोरखनाथ एयरपोर्ट आए, फिर गोरखनाथर मंदिर जाकर गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। महंत दिग्विजयनाथ व महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया। लोकसभा अध्यक्ष ने गोरखनाथ मंदिर के एक-एक हिस्से को देखा। गोशाला जाकर गायों की सेवा भी की। गायों को गुड़ व चना खिलाया। गोरखनाथ मंदिर की तरफ से मुख्य पुजारी योगी कमलनाथ, सचिव द्वारिका तिवारी व एमपीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप राव ने लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। नाथ पंथ पर प्रकाशित पुस्तक व अंगवस्त्र भेंट किया। लोकसभा अध्यक्ष ने गोरखनाथ मंदिर के विजिटर बुक में अपना अनुभव लिखा है। लोकसभा अध्यक्ष ने गोरक्षपीठ की तारीफ की है।
एयरपोर्ट से मंदिर द्वार, फिर चौराहों पर स्वागत
गोरखपुर आए लोकसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। गोरखपुर एयरपोर्ट से निकले पर प्रदेश मंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन, बांसगांव से सांसद कमलेश पासवान, महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी, डुमरियागंज से सांसद जगदंबिका पाल, कुशीनगर से सांसद विजय दुबे, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सैंथवार और महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने पुष्प देकर लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत किया।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन संतराज यादव, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जय मंगल कनौजिया, ऋषि तिवारी ने पुष्प भेंट किया। गौतम गुरुंग चौराहे पर महानगर महामंत्री इंद्रमणि उपाध्याय, महानगर मंत्री मनोज अग्रहरि, चंदन आर्य, अष्टभुजा श्रीवास्तव, अजय मणि त्रिपाठी, अनुपमा पांडे, आनंद अग्रहरि ने स्वागत किया। गोरखनाथ मंदिर गेट पर महानगर उपाध्यक्ष बृजेशमणि मिश्र, महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा, दयानंद शर्मा, अमित दत्त शुक्ल, वीर सिंह सोनकर, धर्मदेव चौहान, अजय श्रीवास्तव, राहुल गिरी , शशांक द्विवेदी ने माला-फूल पहनाया है। नौसड़ तिराहे पर महानगर महामंत्री अच्युतानंद शाही, भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष पवन यादव, रणविजय शाही, चंद्रपाल सिंह राही, सिद्धांतों घोष, सूर्य प्रकाश शर्मा, श्रीराम पांडे, आशुतोष पांडे, कमलेश आजाद, संत विजय सिंह, राजकुमार सिंह ने गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया।
