सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   International Women Day Young cricketer Aditi Sheoran

Women Day: हरियाणा की क्रिकेटर अदिति ने छोटी उम्र में बनाई बड़ी पहचान, सीएम नायब सैनी करेंगे सम्मानित

संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना (सोनीपत) Published by: शाहिल शर्मा Updated Sat, 07 Mar 2026 08:43 PM IST
विज्ञापन
सार

हरियाणा की इस होनहार क्रिकेटर की खेल उपबल्धियों के लिए इन्हें कई प्रतिष्ठित अवार्ड भी मिल चुके हैं। अदिति को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से 15 अगस्त 2025 को प्रतिष्ठित स्टेट अवार्ड से नवाजा जा चुका है। यूटी प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद काटारिया ने उन्हें यह सम्मान दिया।

International Women Day Young cricketer Aditi Sheoran
अदिति श्योराण, युवा क्रिकेटर - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

दिल में जुनून और जज्बा हो तो बेटियां क्या नहीं कर सकती। समाज में बेहतर बदलाव के लिए आवाज उठाने और हजारों लड़कियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनने वाली हरियाणा की ऐसी ही बेटी को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा सरकार की ओर से बड़ा सम्मान देने की तैयारी है। सोनीपत के गोहाना के पास छोटे से गांव दुभेटा की 16 साल की अदिति श्योराण को हरियाणा सरकार ने 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित करने का फैसला लिया है। 
Trending Videos


यह सम्मान उन्हें ना सिर्फ खेलों में स्टेट, नेशनल और बीसीसीआई लेवल पर उनकी उपलब्धियों के लिए दिया जा रहा है, बल्कि उनकी उन कोशिशों के लिए भी दिया जा रहा है, जिसके कारण बेटियों के लिए उस सरकारी खेल स्टेडियम के ताले खुल गए जहां कभी बेटियों की एंट्री नहीं थी। सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी(CDLU) में रविवार को हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश की उन बेटियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है। सोनीपत जिले से खेलों में स्टेट अवॉर्ड के लिए चुनी जाने वाली अदिति एकमात्र  खिलाड़ी हैं। हरियाणा सरकार की ओर से अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर अदिति के परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। दुभेटा गांव के सरपंच विकास आर्य कहते हैं कि पहली बार गांव की किसी बेटी को खेलों में इतना बड़ा सम्मान मिल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


अदिति ने 15-16 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर पूरे गांव का नाम रोशन किया है। ग्राम पंचायत भी अदिति को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करेगी। हरियाणा सरकार की ओर सम्मान के लिए चुने जाने पर अदिति के दादा और सोनीपत रोडवेड डिपो से रिटायर चौधरी रघबीर सिंह श्योराण और दादी मूर्ति देवी काफी खुश हैं। रघबीर सिंह कहते हैं कि उनकी पोती ने कड़ी मेहनत कर दूसरी बेटियों के लिए मिसाल पेश की है। अदिति की बुआ कुसूम, मोनिका और सचिन भी अवॉर्ड की जानकारी मिलने के बाद काफी खुश हैं। अदिति की मां अनु श्योराण हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग में अंग्रेजी की लेक्चरर के पद पर कार्यरत्त हैं।

खेल प्रतिभा से बनाई खास पहचान
युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण यूटी क्रिकेट एसोसिएशन(यूटीसीए) चंडीगढ़ और चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की ओर से स्टेट,नेशनल और बीसीसीआई लेवल पर अंडर-15,अंडर-17 और अंडर-19 स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलकर करीब 10 मेडल हासिल कर चुकी हैं। केवल 14 साल की उम्र में अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनकर इन्होंने नया रिकॉर्ड बनाया था। क्रिकेटर के साथ ही बेसबॉल और सॉफ्टबॉल में भी नेशनल स्कूल गेम्स में चंडीगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इंटर स्कूल स्टेट और यूटीसीए जोनल क्रिकेट टीमों की भी काफी कम उम्र में अदिति श्योराण ने कप्तानी कर खुद को एक बेहतरीन कप्तान के तौर पर साबित किया है।

International Women Day Young cricketer Aditi Sheoran
अदिति श्योराण - फोटो : संवाद
गांव दुभेटा से नेशनल स्तर तक का सफर
अदिति का बचपन गोहाना के पास स्थित गांव दुभेटा में बीता है। प्रारंभिक शिक्षा इन्होंने खानपुर स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूूल से की है। अदिति इस समय चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित कार्मल कान्वेंट स्कूल में दसवीं क्लास की छात्रा हैं। अदिति चंडीगढ़ प्रशासन के अधिन प्रतिष्ठित चंडीगढ़ क्रिकेट एकेडमी में बीते चार वर्षों से क्रिकेट की बारिकयां सीख आगे बढ़ रही है। हरियाणा सरकार से सम्मान मिलने की जानकारी के बाद स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षकों ने भी अदिति को बधाई दी है।

खेल उपलब्धियों पर कई बड़े सम्मान हासिल किए
हरियाणा की इस होनहार क्रिकेटर की खेल उपबल्धियों के लिए इन्हें कई प्रतिष्ठित अवार्ड भी मिल चुके हैं। अदिति को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से 15 अगस्त 2025 को प्रतिष्ठित स्टेट अवार्ड से नवाजा जा चुका है। यूटी प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद काटारिया ने उन्हें यह सम्मान दिया। जिला प्रशासन सोनीपत हरियाणा सरकार की ओर से भी अदिति की प्रतिभा को देखते हुए 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के मौके पर कैबिनेट मंत्री कृषण कुमार बेदी के हाथों एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उत्तर भारत की दो प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ने युवा खिलाड़ी अदिति की खेल प्रतिभा को देखते हुए सम्मानित किया है। रोहतक स्थित एमडीयू के खेल विभाग की ओर से 17 जनवरी को एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स पुरस्कार कुलपति प्रो.राजबीर सिंह के हाथों हासिल किया। उधर 26 जनवरी को देश की टाप यूनिवर्सिटी में शामिल पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से भी अदिति श्योराण को पहलेे खेल प्रतिभा अवार्ड से कुलपति प्रो.रेणू विग द्वारा सम्मानित किया गया। स्कूल स्तर पर यह अवार्ड पाने वाली अदिति श्योराण पहली खिलाड़ी हैं। मेंटरशिप प्रोग्राम के तहत पंजाब यूनिवर्सिटी अदिति श्योराण को खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हर तरह की मदद करेगी।कार्मल कान्वेंट स्कूल के वार्षिक खेल समारोह में चंडीगढ़ की खेल सचिव प्रेरणा पुरी ने भी अदिति को सम्मानित किया। जनवरी 2026 में पंचकूला में जाट सभा की ओर से भी अदिति श्योराण को ट्राफी और कैश अवार्ड देकर सम्मानित किया गया था। शिक्षा मंत्री महिलाप ढ़ांडा और हरियाणा के पूर्व डीजीपी और जाट सभा के प्रेसिडेंट डा.महेंद्र सिंह मलिक ने अदिति श्योराण को सम्मानित किया था।

150 लड़कों की क्रिकेट एकेडमी में तराशा खुद को
चंडीगढ़ प्रशासन की क्रिकेट एकेडमी में सिर्फ लड़कों को दाखिला दिया जाता था, लेकिन अदिति श्योराण इस एकेडमी में दाखिल पाने वाली पहली लड़की थी। 150 लड़कों के बीच हरियाणा की इस दबंग खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत से बहुत ही कम समय में खास मुकाम हासिल किया है। 12 साल की उम्र में क्रिकेट सीखने वाली अदिति ने खुद को फिट रखने के लिए लड़कों के साथ दौड़ते हुए 15 से 20 किलो वजन कम किया। लड़कों की तेज गेंदबाजी के सामने भी अदिति किसी चट्टान की तरह खड़ी रही और आज सैंकड़ों लड़कियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed