सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Chamba News ›   Public outrage flares over Kalhel murder case; road blockade in Bhanjradu market.

Chamba News: कल्हेल हत्याकांड पर भड़का जनाक्रोश, भंजराडू बाजार में चक्का जाम

Shimla Bureau शिमला ब्यूरो
Updated Wed, 17 Jun 2026 10:25 AM IST
विज्ञापन
Public outrage flares over Kalhel murder case; road blockade in Bhanjradu market.
चंबा के कल्हेल हत्याकांड को लेकर भंजराडू बाजार में चक्का जाम के दौरान लोग।संवाद
विज्ञापन
चुराह (चंबा)। कल्हेल हत्याकांड को लेकर सोमवार को भंजराडू बाजार में जनाक्रोश फूट पड़ा। मृतक हरविंद्र सिंह के परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में गिरफ्तार एक आरोपी की दुकान मृतक की पत्नी को सौंपने की मांग उठाई। इस दौरान कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परिवार के मुखिया की मौत के बाद मृतक के परिजनों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में आरोपी की दुकान मृतक की पत्नी को दी जानी चाहिए ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण सड़क पर डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी चुराह रंजन शर्मा, भंजराडू पंचायत की प्रधान कृष्णा महाजन और पुलिस थाना तीसा के प्रभारी अशोक कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से लंबी वार्ता कर उन्हें कानूनी प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति की संपत्ति को न्यायिक प्रक्रिया पूरी हुए बिना किसी अन्य के नाम नहीं किया जा सकता। इस दौरान थाना प्रभारी अशोक कुमार चौधरी ने भी लोगों को समझाया कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी की दुकान को न तो नुकसान पहुंचाने दिया जाएगा और न ही बिना वैधानिक प्रक्रिया के किसी के हवाले किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने और जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद डीएसपी रंजन शर्मा और प्रधान कृष्णा महाजन ने परिजनों और ग्रामीणों को हरसंभव सहायता और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो गई।

गौरतलब है कि कल्हेल पुल के नीचे मिले हरविंद्र सिंह के शव के मामले में तीसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि मृतक परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे और मामले की निष्पक्ष जांच जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed