यूपी: तीन दिन में 4.74 लाख लोग पहुंचे, ट्रेड शो में कारोबारियों की हिस्सेदारी बढ़ी; तीन बार का टूटेगा रिकॉर्ड
यूपी ट्रेड शो में तीन दिन में 4.74 लाख लोग पहुंचे। इसमें कारोबारियों की हिस्सेदारी बढ़ी है। इस बार पिछले तीन बार के ट्रेड शो का रिकॉर्ड टूटता दिख रहा है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण कारोबार और बाजार के बड़े मंच के रूप में तेजी से उभर रहा है। 25 से 27 सितंबर तक शुरुआती तीन दिनों में ही 4.74 लाख लोग ट्रेड शो पहुंच चुके हैं। यह 2025 में पूरे पांच दिन में आए 5.07 लाख आगंतुकों का करीब 93.5 फीसदी है। अभी 28 और 29 सितंबर के दो दिन बाकी हैं।
तीन दिनों में 128378 घरेलू बिजनेस खरीदार और 345801 सामान्य लोग पहुंचे हैं। तीसरे दिन अकेले 190028 लोगों की आवाजाही रही जो पहले दिन के 130606 से करीब 45 फीसदी अधिक है। तीसरे दिन 48461 घरेलू बिजनेस खरीदार और 1,41,567 सामान्य आगंतुक पहुंचे।
ये है तीन वर्षों में लोगों की आवाजाही का रिकार्ड
इससे पहले 2023 के पहले संस्करण में करीब 3.07 लाख आगंतुक आए थे, जिनमें 70 हजार बी2बी खरीदार थे। 2024 में कुल आवाजाही करीब पांच लाख रही। 2025 में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे, जिनमें 1,40,735 घरेलू बी2बी खरीदार थे। इस बार सिर्फ तीन दिन में ही घरेलू बिजनेस खरीदारों की संख्या पिछले पूरे संस्करण के आंकड़े से करीब 12 हजार पीछे है।
इस बार ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 1.5 लाख बी2बी खरीदार और 4.5 लाख सामान्य आगंतुकों का लक्ष्य रखा गया है। विदेशी खरीदारों की भागीदारी भी बढ़ी है। उद्घाटन के समय 90 देशों से 600 से अधिक विदेशी खरीदारों के आने की जानकारी दी गई थी।
पिछले संस्करण के रिकॉर्ड टूट सकते हैं
ओडीओपी, एमएसएमई, स्टार्टअप, निर्यातकों और जिला स्तरीय उद्यमियों की भागीदारी से ट्रेड शो स्थानीय उत्पादों को बड़े और वैश्विक बाजार से जोड़ रहा है। 2025 में सभी 75 जिलों की भागीदारी और 550 से अधिक विदेशी खरीदार पहुंचे थे। तीन दिनों के आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि इस बार पिछले संस्करण के रिकॉर्ड टूट सकते हैं।