होमगार्ड भर्ती: शारीरिक दक्षता परीक्षा में गैरहाजिर रहने पर सिर्फ एक मौका, इस गलती पर दोबारा एंट्री नहीं
उत्तर प्रदेश में 42 हजार से अधिक होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जल्द होगी। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित अभ्यर्थी को स्पष्ट कारण बताने पर केवल एक अतिरिक्त अवसर मिल सकता है। पुरुषों को 4.8 किलोमीटर दौड़ 28 मिनट और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर 16 मिनट में पूरी करनी होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश 42 हजार से अधिक होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) जल्द आयोजित होगी। बीती 13 अगस्त से जारी अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण में सफल अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे।शारीरिक दक्षता परीक्षा की निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने पर अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने के लिए केवल एक अवसर मिलेगा। उसे अनुपस्थित रहने के स्पष्ट कारणों का प्रत्यावेदन समिति को देना होगा। समिति उसे एक अतिरिक्त अवसर दे सकती है, लेकिन अंतिम तिथि या आरक्षित दिन के बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।
अपील का अधिकार नहीं होगा
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक परीक्षा के दौरान स्टेरॉयड या नशीले पदार्थ का सेवन करने पर अभ्यर्थन निरस्त होगा। परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए निर्धारित मानक अंक प्राप्त न करने वाले को दूसरा मौका पाने या अपील का अधिकार नहीं होगा। परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करना आवश्यक है।
नामांकन के लिए पात्र नहीं होंगे
जो अभ्यर्थी निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, वे नामांकन के लिए पात्र नहीं होंगे। उन्हें चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। परीक्षा एक समिति द्वारा कराई जाएगी। इस समिति में जिला मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्साधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक द्वारा नामित अधिकारी शामिल होंगे। पारदर्शिता के लिए मैनुअल समय मापन की अनुमति नहीं होगी। सीसीटीवी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक समय मापन उपकरण और पर्याप्त सहायक प्रणाली के साथ बायोमैट्रिक्स का प्रयोग होगा।
सफल और असफल अभ्यर्थियों की सूची समिति के संयुक्त हस्ताक्षर से घोषित होगी। परिणाम परीक्षण स्थल पर सूचना पट्ट पर दिन की समाप्ति पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट http://appbpb.gov.in से डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों को वैध मूल पहचान पत्र (ई-आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस) और मूल आधार कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।