IPL 2026: घर पर लखनऊ सुपरजायंट्स की आठवीं हार, थके कदमों से आधी रात लौटे फैंस; टीम करीब-करीब बाहर
IPL 2026: रविवार को लखनऊ सुपरजायंट्स की घर पर आठवीं हार हो गई। निराश फैंस थके कदमों से आधी रात को घर लौटे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मो. शमी ने जब कार्तिक त्यागी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मुकाबले को सुपरओवर तक पहुंचाया लगा कि लखनऊ घर में सात हार के बाद पहली जीत का स्वाद चख सकता है, लेकिन यहां भी लखनऊ के बल्लेबाजों ने निराश किया। सुनील नारायण ने सुपरओवर में पहली गेंद पर निकोलस पूरन (0) और तीसरी गेंद पर मार्करम (0) को पवेलियन भेजा। दो रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता के लिए रिंकू सिंह ने प्रिंस यादव की पहली गेंद पर चौका जड़कर मुकाबला जीत लिया। घरेलू मैदान में लखनऊ सुपरजायंट्स की लगातार आठवीं हार का ठीकरा इस बार भी बल्लेबाजों के सिर पर फूटा।
इस हार के साथ टीम अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर फिसल गई। साथ ही टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना भी बेहद कम हो गई है। कोलकाता के 155 रन के जवाब में लखनऊ ने आठ विकेट पर 155 रन बनाए। मुकाबले में कॅरिअर बेस्ट गेंदबाजी करने वाले मोहसिन खान (4-1-23-5) के प्रदर्शन पर रिंकू सिंह (51 गेंदों पर 83 रन) की आतिशी बल्लेबाजी भारी पड़ी। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपरजायंट्स के बल्लेबाज इनफॉर्म मिचेल मार्श (2) के आउट होने के बाद संभल न सकी। टीम से एडन मार्करम (31) के बाद कप्तान ऋषभ पंत (42 रन) ही कुछ संघर्ष कर सके, जबकि निकोलस पूरन (9) ने एक बार फिर निराश किया। मध्यक्रम से आयुष बदोनी (19 गेंदों पर 24 रन) और हिम्मत सिंह (10 पर 19 रन) ने उपयोगी पारी खेली।
इससे पहले तेज गेंदबाज मोहसिन खान की विविधता भरी गेंदबाजी (4-1-23-5) कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाजों पर भारी पड़ी। हालांकि पारी के आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह की आतिशबाजी (51 गेंदों पर 83 रन) की बदौलत टीम ने लखनऊ सुपरजायंट्स के सामने 156 रन का लक्ष्य रखा। अपने आईपीएल कॅरिअर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले एलएसजी के तेज गेंदबाज मौजूदा सीजन में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए। उधर, रिंकू सिंह ने लखनऊ के लिए पारी का आखिरी ओवर फेंकने आए दिग्वेश राठी की खबर लेते हुए चार छक्के जमाते हुए कुल 26 रन बना डाले। रिंकू सिंह का यह आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। मोहसिन खान ने कोलकाता को शुरुआती झटके दिए। 73 रन पर छह विकेट खोने के बाद रिंकू सिंह ने एक छोर संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 51 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की मदद से 81 रन की तूफानी पारी खेली। कोलकाता ने सात विकेट खोकर 155 रन बनाए।
मुकाबले में खास
- कॅरिअर बेस्ट गेंदबाजी करने वाले मोहसिन खान मौजूदा आईपीएल सत्र में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
- अंगकृष रघुंवशी फील्ड में बाधा डालकर आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बने।
- आईपीएल में इस सीजन का पहला ओवरओवर खेला गया।
जोश में पहुंचे, मायूस होकर लौटे दर्शक
टीम का प्रदर्शन कैसा भी हो लेकिन वक्त आने पर प्रशंसक अपनी टीम का हौसला बढा़ने स्टेडियम तक पहुंच ही जाते हैं। रविवार को इकाना स्टेडियम में हुए लखनऊ सुपरजायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मुकाबले में बड़ी संख्या से प्रशंसक पहुंचे। दूर-दराज और दूसरे शहरों से आने वाले दर्शक दोपहर तीन बजे से ही स्टेडियम पहुंचने लगे। इस दौरान उन्हें प्रचंड धूप और गर्मी का भी सामना करना पड़ा।
हालांकि तेज धूप भी प्रशंसकों के बुलंद हौसले को नहीं तोड़ सकी। हर बार की तरह ही इस बार भी विपक्षी टीम पर एलएसजी के फैंस भारी पड़े। मैदान के अंदर और बाहर हर तरफ लोग लाल जर्सी पहने ही दिखाई दे रहे थे।
जर्सी बेचने वालों के पास काफी भीड़ नजर आई। टॉस के टाइम से पहले ही पूरा स्टेडियम खचाखच भर गया। मैच शुरू होने से पहले ही दर्शकों पर मैच का जादू सर चढ़कर बोलने लगा। हर विकेट और चौके-छक्के पर दर्शक झूम उठते। मैच के दौरान स्टेडियम में पूरे समय एलएसजी-एलएसजी के नारे गूंजते रहे। हालांकि मुकाबला हारने के बाद दर्शक मायूस दिखे।
टॉस पर थिरके फैंस पावरप्ले में मचा शोर
मैच की शुरुआत से ही एलएसजी ने अपनी पकड़ बनानी शुरु कर दी। जैसे ही टॉस लखनऊ के पाले में गिरा, स्टैंड्स में मौजूद फैंस झूम उठे। इकाना का कोना-कोना एलएसजी, एलएसजी के नारों से गूंज उठा। उत्साह तब सातवें आसमान पर पहुंच गया जब पावरप्ले के दौरान विपक्षी टीम केकेआर के विकेट गिरना शुरू हुए। वहीं, कोलकाता के फैंस जो बड़ी उम्मीदों के साथ पहुंचे थे, वे लखनऊ के गेंदबाजों की धार देखकर मायूस नजर आए, जबकि स्थानीय फैंस ने स्टैंड्स में जमकर डांस किया। हालांकि अंत में मुकाबला केकेआर ने जीत लिया, जिससे लखनऊ के समर्थकों को फिर मैयूस लौटना पड़ा।
रिंकू ने आतिशी बल्लेबाजी से बांधा समा, खूब झूमे दर्शक
अलीगढ़ के रहने वाले रिंकू सिंह ने आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बनाकर इतिहास रच दिया। यूपी टी-20 लीग के अलावा रिंकू ने यहां काफी क्रिकेट खेली है, जो आज उनकी कोलकाता टीम के लिए काम आया। 31 रन पर चार विकेट खोने के बाद क्रीज पर उतरे रिंकू ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के आंकड़े को डेढ़ सौ के पार पहुंचाया। इस दौरान उनके चाहने वालों ने बाएं हत्था बल्लेबाज की ओर से लगाए छक्कों का लुत्फ उठाया। रिंकू के शानदार क्षेत्ररक्षण से भी केकेआर को फायदा मिला। मैच में उनकी पारी से केकेआर को बढ़त मिली।

कमेंट
कमेंट X