लखनऊ: आंधी-बारिश से पांच बिजली उपकेंद्र ठप, आधी रात तक लोग रहे परेशान; कल से फिर तूफान की चेतावनी
Storm in Lucknow: लखनऊ में आई आंधी-बारिश ने बिजली व्यवस्था को प्रभावित किया। कई इलाकों में देर रात तक बिजली नहीं आई।
विस्तार
राजधानी में आंधी और पानी के कारण गुल हुई बिजली बहुत से इलाकों में आधी रात के बाद तक सामान्य नहीं हो सकी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यह बिजली संकट पांच उपकेंद्र ठप होने के कारण उत्पन्न हुआ था। रविवार को भी कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया।
शनिवार को आंधी-बारिश के कारण जो उपकेंद्र ठप हुए उनमें शक्ति चौराहा आशियाना, महानगर सुभाष पार्क, इंजीनियरिंग कॉलेज, जानकीपुरम सेक्टर आई, कल्याणपुर शामिल थे। ज्यादातर मामलों में उपकेंद्रों के भूमिगत केबल में फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति ठप हुई थी। इन उपकेंद्रों की बिजली को सामान्य करने में जिम्मेदारों को आधी रात के बाद तक जूझना पड़ा।
इसी प्रकार रविवार को रेलवे पावर हाउस से आनंदनगर फीडर की बिजली बंद होने से करीब 1500 उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। दूसरी तरफ भीखमपुर उपकेंद्र से भीखमपुर सहित आसपास के इलाकों में, सुभाष पार्क से डंडहिया बाजार, विष्णुपुरी कॉलोनी, लौलाई उपकेंद्र से देवरिया कॉलोनी फीडर की आपूर्ति में फॉल्ट आया। इससे डंडहिया, विष्णुपुरी कॉलोनी, चर्च रोड, कुर्सी सड़क, मेहंदीटोला व बनारसी टोला सहित आसपास के करीब 3000 उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
ट्रांसफार्मर बदलने के लिए बंद की आपूर्ति
गोमतीनगर विस्तार में नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए करीब डेढ़ घंटे तक संबंधित ट्रांसफार्मर से आपूर्ति पाने वाले लोगों की बिजली को बंद किया गया था।
दो दिन बाद फिर से आंधी के साथ बारिश के बन रहे आसार
अप्रैल में मौसम कुछ दिन में अपने कई रंग दिखा चुका है। शनिवार शाम में हुई बारिश का असर रविवार को दिन के तापमान पर भी पड़ा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, पारे में कमी के बाद भी रविवार को तीखी धूप और गर्मी से राहत नहीं मिली। दिन में लोग चिलचिलाती धूप के कारण परेशान हुए।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके साथ ही नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते सात अप्रैल को मौसम में फिर से बदलाव के संकेत हैं। सात अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। जिसका असर लखनऊ पर भी पड़ेगा। आठ अप्रैल को राजधानी में भी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शनिवार की तुलना में 3.1 डिग्री कम था। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो शनिवार की तुलना में 3.4 डिग्री कम था। आंचलिक मौसम विज्ञान केेंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का नया दौर सात अप्रैल से शुरू होगा जिसका आंशिक असर देर शाम लखनऊ तक पड़ सकता है। हालांकि, आठ अप्रैल को लखनऊ में भी आंधी और बारिश का व्यापक असर देखने को मिल सकता है।