{"_id":"69c00aedab3b763351065c23","slug":"lucknow-maan-bete-ke-baad-pita-ki-bhi-maut-suicide-note-ki-hogi-saba-2026-03-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow: मां-बेटे के बाद पिता की भी मौत, सुसाइड नोट की होगी जांच, खाने में मिलाकर खाया था जहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow: मां-बेटे के बाद पिता की भी मौत, सुसाइड नोट की होगी जांच, खाने में मिलाकर खाया था जहर
अमर उजाला नेटवर्क, सरोजनी नगर (लखनऊ)
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Sun, 22 Mar 2026 08:59 PM IST
विज्ञापन
सार
बंथरा के नीवा गांव में आर्थिक तंगी से परेशान मां-बेटे ने जहर खाकर जान दे दी थी। पिता ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। बेटे से पूछताछ जारी है।
मामले की जांच करने पहुंचे पुलिसकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
विज्ञापन
विस्तार
बंथरा के नीवां गांव में आर्थिक तंगी से परेशान मां तारावती (52) बेटे संदीप (30) की मौत के बाद शनिवार को पिता रूपनारायण (55) ने भी दम तोड़ दिया। रूपनारायण का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। तीनों की मौत के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन तेज कर दी है। संदीप के पास से मिले सुसाइड नोट को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है।
Trending Videos
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के मुताबिक कई पहलुओं पर मामले की छानबीन की जा रही है। रूपनारायण के दूसरे बेटे कुलदीप से पूछताछ की गई है। घटनास्थल पर कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला था। सुसाइड नोट को हैंड राइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि तीनों के पास जहरीला पदार्थ कहां से आया था। तीनों ने जहरीला पदार्थ का सेवन कैसे किया था, इसके बारे में भी जानकारी नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस रूपनारायण के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ का इंतजार कर रही थी, लेकिन उनकी मौत हो गई। ऐसे में रहस्य बरकरार है। संदीप की जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि हम लोग आत्महत्या कर रहे हैं, इसके लिए परिवार का कोई दोष नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि सुसाइड नोट में लिखी हैंडराइटिंग अलग है। संदीप और कुलदीप ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह नोट वास्तव में संदीप ने ही लिखा था या किसी और ने।
घटना के समय घर में मौजूद भोजन को पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। आशंका जताई जा रही है कि जहर खाने में मिलाकर तीनों ने खाया था। यह पता लगाया जा रहा है कि किसी ने जानबूझकर तीनों को जहर तो नहीं दे दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मां और बेटे की मौत जहरीले पदार्थ खाने से होने की पुष्टि हुई है।
जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। रूपनारायण के मकान के बाहर दीवार पर चस्पा पांच पन्नों का फटा नोटिस भी जांच के दायरे में है। थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में आर्थिक तंगी का मामला सामने आया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।