UP: फ्लाइट के शौचालय में यात्री ने की ऐसी हरकत, बजने लगा अलार्म... डर से सूख गया यात्रियों का गला; पूरी खबर
दम्माम से लखनऊ आ रही फ्लाइट के शौचालय में यात्री ने ऐसी हरकत की, जिससे अलार्म बजने लगा। अलार्म की आवाज सुन यात्रियों का गला डर से सूख गया। लखनऊ पहुंचने पर सरोजनीनगर पुलिस ने यात्री का चालान करके छोड़ दिया। आगे पढ़ें और जानें पूरा मामला...

विस्तार
सऊदी अरब के दम्माम से बुधवार सुबह लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट के शौचालय में एक यात्री ने सिगरेट पी। धुंआ होते ही अलार्म बज उठा। इससे हड़कंप मच गया। जांच में यात्री को शौचालय में सिगरेट पीते पकड़ा गया।

विमानन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में यात्री को सरोजनीनगर पुलिस को सौंप दिया गया। यात्री का चालान कर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक रकाबगंज निवासी मो. नासिर इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-98 से लखनऊ आ रहे थे, जो सुबह 6.30 बजे लखनऊ पहुंचती है। पुलिस का कहना है कि चालान कोर्ट में भेजा जाएगा। इसके बाद कोर्ट उक्त यात्री के बारे में फैसला लेगी।
पहले भी हो चुका है ऐसा मामला
बीते 16 अगस्त को लखनऊ से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-2492 के शौचालय में यात्री कुलदीप सिंह ने सिगरेट पी। यह उड़ान दोपहर 2:07 बजे चलकर शाम 4:37 बजे मुंबई पहुंचती है। सिगरेट पीने के आरोप में उन्हें विमान से उतार दिया गया था।
जांच के लिए दिल्ली से टीम लखनऊ आएगी
एक माह के अंदर विमान के शौचालय में सिगरेट पीने के दो मामले सामने आ चुके हैं। इससे सुरक्षा जांच पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। लखनऊ से मुंबई की उड़ान का मामला डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) को भेजा जा चुका है। सूत्र बताते हैं कि उस मामले की जांच के लिए दिल्ली से टीम लखनऊ आएगी।