सपा विधायक पर हमले की कहानी: एक पोस्ट से भड़का विवाद, 35 लोग लाठी लेकर पहुंचे; बोले- विधायक को काट डालेंगे
अमेठी में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद सपा विधायक के आवास पर हंगामे तक पहुंच गया। आरोप है कि कई लोग लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और धमकी व मारपीट की। घटना के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी और नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर मंगलवार रात हुए हंगामे की जड़ सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर और उस पर की गई टिप्पणियां बताई जा रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि मामला विधायक आवास पर हुए हमले तक पहुंच गया। पिछले कई दिनों से दोनों पक्षों के बीच तीखी बयानबाजी चल रही थी।
दरअसल, 26 मई को अमेठी में पूर्व मंत्री और सपा के कद्दावर नेता गायत्री प्रजापति के घर पर 30-35 नकाबपोश लोगों ने लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। गायत्री की पत्नी और सपा से मौजूदा विधायक महराजी प्रजापति को गालियां देने लगे। जान से मारने की धमकी दी।
जब गायत्री के भतीजे सुरेंद्र प्रजापति ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। घर पर काम करने वाले लोग बीच-बचाव करने आए तो उनसे भी मारपीट की। वीडियो बना रहे लोगों का मोबाइल छीन लिया। भतीजे का कॉलर पकड़कर बोले- अगर शिकायत की तो तुम्हारे विधायक को बांके से काट डालेंगे। करीब 1 घंटे तक हंगामा चलता रहा।
पैर छूने वाली तस्वीर वायरल हुई थी
कुछ दिन पहले विधायक महाराजी प्रजापति एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति के पैर छूने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। तस्वीर साझा करते हुए कुछ लोगों ने कटाक्ष भरी टिप्पणियां कीं। पोस्ट में सत्ता और प्रभाव को लेकर टिप्पणी की गई। इसके बाद विधायक समर्थकों और पोस्ट साझा करने वाले पक्ष के बीच लगातार जवाबी पोस्ट और टिप्पणियां होने लगीं।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर बहस बढ़ने के साथ दोनों पक्षों के बीच तनातनी भी बढ़ती गई। आरोप है कि एक-दूसरे को खुली चुनौती देने जैसी टिप्पणियां भी की गईं। इसी बीच बड़ी संख्या में लोग उस युवक के घर पहुंचे, जिस पर पोस्ट का समर्थन करने का आरोप था। हालांकि युवक घर पर नहीं मिला। वहां मौजूद परिजनों ने उससे दूरी होने की बात कही।
बाद में कुछ लोगों को जानकारी मिली कि संबंधित युवक विधायक आवास पर मौजूद है। इसके बाद कई लोग आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां युवक को बाहर बुलाने की मांग होने लगी। इसी दौरान माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया।
घटना के बाद देर रात तक इलाके में हलचल बनी रही। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट से लेकर रात में हुई घटनाओं तक हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।
विधायक ने कहा- मैं जवाब दूंगी
इस हमले के बारे में जब विधायक महाराजी प्रजापति से बात की गई तो उन्होंने कहा कि रात में मैं घर पर नहीं थी। मैं उस पूरे मामले के बारे में पता कर रही हूं। पूरी जानकारी के बाद मैं इसका जवाब दूंगी।
सपा विधायक महाराजी देवी के आवास पर हंगामा
अमेठी में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद सपा विधायक महाराजी देवी के आवास पर मंगलवार रात हंगामा हो गया। कई वाहनों से पहुंचे लोगों पर गालीगलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर रातभर आरोपियों की तलाश में दबिश दी। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पर रात करीब आठ बजे दो स्कॉर्पियो और कई मोटरसाइकिलों से सवार होकर पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि घर के बाहर मौजूद लोगों के साथ अभद्रता की गई। विरोध करने पर विधायक के भतीजे और घर में काम करने वाले लोगों की पिटाई कर दी गई। परिवार को जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी वहां से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर अमेठी कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद विधायक समर्थकों में नाराजगी दिखी और देर रात तक आवास पर लोगों की भीड़ लगी रही।
मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार
विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने इस मामले में अमेठी कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। अनुराग प्रजापति ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव से आरोपियों को तुरंत पार्टी से निष्कासित करने और उन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
हमले के बाद विधायक आवास पर सन्नाटा
सपा विधायक महाराजी देवी के आवास पर मंगलवार रात हुए हंगामे के बाद बुधवार को बाहर सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन अंदर हलचल तेज रही। विधायक पुत्र अनुराग प्रजापति दिनभर समर्थकों संग बंद कमरे में घटना को लेकर चर्चा और आगे की रणनीति बनाने में जुटे रहे।
आवास के बाहर समर्थकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी बनी रही। अनुराग प्रजापति ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना के समय विधायक महाराजी देवी लखनऊ में थीं और अभी वहीं हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगी।
इसके बाद अमेठी पहुंचकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। इधर, घटना को लेकर जिले का राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। चर्चा है कि समर्थक बड़ी संख्या में जुटकर अमेठी कोतवाली का घेराव कर सकते हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।