यूपी: प्रदेश में एक दिन में रोपे गए 35.27 करोड़ पौधे, रचा गया इतिहास,अखिलेश बोले- यह पौधरोपण नहीं भ्रष्टारोपण
Plantation in UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने रविवार को नया इतिहास रच दिया। हालांकि अखिलेश ने इस पर करारी चोट की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने रविवार को नया इतिहास रच दिया। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में शाम 6:12 बजे तक 35,27,89,926 पौधरोपण हुए। यह सरकार की ओर से तय लक्ष्य 35 करोड़ से भी पार निकल गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर से इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर त्रिवेणी (नीम, पीपल, बरगद) के पौधे रोपे। ताल रिंग रोड के किनारे मौलिश्री का पौधा लगाया। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जनभवन में सफेद चंदन का पौधा रोपित किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी और ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी राजधानी में पौधरोपण किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जालौन, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही देवरिया, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुरादाबाद और वन राज्यमंत्री केपी मलिक ने बागपत में पौधरोपण किया। वहीं प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अलग-अलग जिलों में पौधे रोपित किए।
प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर से मिली पल-पल की प्रगति
वन, रक्षा, रेलवे, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेस वे, सड़क, नहर, रेल पटरी के किनारे, विकास प्रधिकरण, औद्योगिक परिसर, चिकित्सा संस्थान, शिक्षण संस्थानों की भूमि, अन्य राजकीय भूमि, किसानों की निजी भूमि और निजी परिसरों में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। वन विभाग की ओर से एंड्रायड आधारित प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर रियल टाइम अपडेट मिला। इस साल भी पौधों की जियो टैगिंग की मुकम्मल व्यवस्था की गई। https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर पल-पल की रिपोर्ट अपडेट होती रही।
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 (टाइमलाइन)
- -सुबह 8 बजे- 1,01,99,947
- -9 बजे- 4,57,13,395
- -10 बजे- 8,75,92,099
- -11 बजे- 13,05,37,796
- -12 बजे- 16,59,88,118
- -दोपहर 1 बजे- 19,73,60,273
- -2 बजे- 21,63,97,977
- -3 बजे- 25,29,98,772
- -शाम 4 बजे- 29,61,57,431
- -5 बजे- 32,10,14,959
- -6 बजकर 12 मिनट (फाइनल रिपोर्ट)- 35,27,89,926
इस साल अब तक लगाए जा चुके 40 करोड़ से ज्यादा पौधे
सर्वाधिक रोपित 5 प्रजातियां
शीशम: 46738099
सागौन: 41399061
जामुन: 22846329
अमरूद: 18074031
अर्जुन: 15175482
सर्वाधिक पौधे रोपित करने वाले पांच विभाग
- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग: 154219413
- ग्राम्य विकास विभाग: 105685704
- कृषि विभाग: 32690527
- उद्यान विभाग: 15202219
- पंचायती राज विभाग: 11338290
सर्वाधिक पौधे रोपने वाले पांच जिले
- सोनभद्र: 16847717
- ललितपुर: 9363495
- झांसी: 9306615
- लखीमपुर खीरी: 9251800
- जालौन: 8808435
मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों में संभाली कमान
मंत्री आशीष पटेल ने मिर्जापुर, योगेंद्र उपाध्याय ने आगरा, लक्ष्मी नारायण चौधरी ने मथुरा, जयवीर सिंह ने फिरोजाबाद, धर्मपाल सिंह ने बरेली, नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने प्रयागराज, अनिल राजभर ने चंदौली, राकेश सचान ने कानपुर नगर, एके शर्मा ने आजमगढ़, संजय निषाद ने अंबेडकरनगर, दारा सिंह चौहान ने मऊ, सुनील कुमार शर्मा ने गौतम बुद्धनगर, मनोज पांडेय ने प्रतापगढ़ और अनिल कुमार ने बिजनौर में पौधरोपण किया।
मुख्य सचिव एसपी गोयल, मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव संजय प्रसाद, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी, वन बल प्रमुख सुनील चौधरी, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुरोधा वेमुरी ने भी पौधरोपण कर संदेश दिया।
अखिलेश ने पौधरोपण को बताया भ्रष्टारोपण
सपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए पौधरोपण दरअसल ‘भ्रष्टारोपण’ का कार्यक्रम है। ये 35 करोड़ पेड़ लगाने का नहीं बल्कि प्रत्येक पेड़ से कम-से-कम 10 रुपये यानी 350 करोड़ रुपये कमाने की भाजपा की गुप्त योजना है।
अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि जिन्होंने प्रभु का दरबार नहीं छोड़ा, वे बगीचा और बाग क्या छोड़ेंगे। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार और लूट है। भाजपा सरकार में योजनाएं भ्रष्टाचार करने के लिए बनाई जाती हैं। सरकार ने 10 साल में कागजों पर ही पेड़ लगाए हैं। इनके पेड़ जमीन पर नहीं दिखाई देते हैं। जो कहीं लगे भी, वो पानी के बगैर सूख गए।
उन्होंने कहा कि इस सरकार में पेड़ और वनों की अवैध कटाई हो रही है। पर्यावरण के लिए गंभीर संकट पैदा होता जा रहा है। वायु प्रदूषण के साथ जल प्रदूषण बड़ी समस्या के रूप में सामने आ रही है। भाजपा सरकार ने नदियों की सफाई का झूठा वादा किया। नदियों की सफाई के लिए आया बजट भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। सपा सरकार में लखनऊ में गोमती नदी की सफाई की गई थी। विश्वस्तरीय गोमती रिवरफ्रंट बनाकर नदियों की सफाई का उदाहरण प्रस्तुत किया, लेकिन भाजपा सरकार ने गोमती रिवरफ्रंट को बर्बाद कर दिया।