UP: लखनऊ कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में आईएसआई का जिक्र; तीन दिन में दूसरा धमकी भरा मेल
लखनऊ कोर्ट को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसमें आईएसआई का जिक्र किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग और बम स्क्वॉड ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी ली। तीन दिन में यह दूसरी धमकी है। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
विस्तार
लखनऊ कोर्ट में ई-मेल से सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। पुलिस, डॉग और बम स्क्वॉड पहुंची। कोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है। इससे पहले शुक्रवार को भी कोर्ट परिसर में चेकिंग की गई थी।
तीन दिन पहले भी आई थी मेल
तीन दिन पहले भी लखनऊ समेत 18 जिलों में एक ई-मेल से दहशत फैल गई थी। धमकी भरा मैसेज लखनऊ में जिला जज को ई-मेल से भेजा गया था। मैसेज मिलने के बाद फौरन कचहरी को खाली करा लिया गया। बम निरोधक दस्ते के बाद पुलिस टीम ने कचहरी में छानबीन की। हालांकि, वहां कोई बम नहीं मिला।
धमकी भेजने वाले ने लिखा था कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दोपहर दो बजे कचहरी में धमाका किया जाएगा। अगर बचा सकते हो तो बचा लो। इस मामले की जानकारी वजीरगंज पुलिस को दी गई। इसके बाद खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं। बड़ी संख्या में पुलिस बल कचहरी पहुंची।
इसके बाद अधिवक्ताओं को कचहरी खाली करने के लिए कहा गया। कचहरी से न्यायाधीश भी बाहर निकल गए। काफी देर तक छानबीन के बाद पता चला कि किसी ने शरारत की है। इसकी वजह से कोर्ट का काम भी प्रभावित हुआ। कचहरी के सभी गेटों पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए। इस मामले में कोर्ट नाजिर ने वजीरगंज थाने में ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।