यूपी: श्रावस्ती में पति ने पत्नी को मार डाला, मां की लाश देखकर बेटा-बेटी हुए बेहोश; पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
श्रावस्ती के मल्हीपुर क्षेत्र के बांसगढ़ी गांव में घरेलू विवाद के बाद पति ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर पत्नी नीलम मौर्य की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लिया है। मामले की जांच और पूछताछ जारी है।
विस्तार
मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत फतेहपुर बनगई के मजरा बांसगढ़ी में रविवार देर रात घरेलू विवाद के बाद पति ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के बांके जिले की निवासी नीलम मौर्य (40) की शादी करीब 20 साल पहले बांसगढ़ी निवासी रक्षाराम मौर्य से हुई थी। रविवार रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रक्षाराम ने धारदार हथियार से नीलम पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजन नीलम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ आलोक सिंह और एएसपी चंद्रकेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ प्राथमिकी
नीलम की बुआ की बेटी सुशीला मौर्य ने घटना की जानकारी नेपाल के बांके जिले के धरवारी टोला, वार्ड नंबर दो में रहने वाले उनके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर नीलम के भाई विक्रांत राज मौर्य समेत अन्य परिजन गांव पहुंचे। विक्रांत ने आरोपी बहनोई रक्षाराम के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मां की मौत की खबर से बच्चे बेहाल
नीलम का 18 वर्षीय बेटा अभिषेक मौर्य पुणे में रहता है, जबकि 16 वर्षीय बेटी अंकिता मौर्य नेपाल में अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है। मां की मौत की खबर मिलने के बाद दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।