UP: इस मंडी में ‘शाहरुख’ नाम का बकरा 50 हजार में बिक रहा, लतीफ भीड़ की कीमत 25 हजार; जानिए पूरी रेट लिस्ट
लखनऊ की बकरा मंडी में बकरीद से पहले खरीदारी तेज हो गई है। महंगे और आकर्षक बकरे लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। मंडियों में देर रात तक मोलभाव चलता रहा। सेवई, मेवे और कुर्बानी के सामान की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखने को मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ की खदरा बकरा मंडी बकरीद से एक दिन पहले बुधवार को सुबह से देर रात तक खरीदारों और व्यापारियों की भीड़ लगी रही। दूरदराज जिलों से व्यापारी बोलेरो पिकअप और अन्य वाहनों से बकरे लेकर पहुंचे। मंडी में महंगे और आकर्षक बकरे लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का विषय बने रहे। वहीं कुछ व्यापारी भेंड़ भी लेकर बेचने के लिए पहुंचे।
मंडी में रामसनेही बाबरी नस्ल के सफेद रंग और लंबे सींग वाले ‘सार्थक’ नाम के बकरे को 45 हजार रुपये में बेचा। वहीं 50 हजार रुपये कीमत का ‘शाहरुख’ नाम का सजा-धजा बकरा भी लोगों का ध्यान खींचता रहा। सीतापुर से आए लतीफ 25 हजार रुपये कीमत का भेड़ लेकर बेचने के लिए पहुंचे।
वहीं लखीमपुर से आए इमरान ने 26 हजार रुपये में अपना बकरा बेचा। सिधौली से आए साजिद का 90 हजार रुपये कीमत का बड़ा बकरा मंडी में आकर्षण का केंद्र बना रहा। लोग इन बकरों के साथ फोटो और वीडियो बनाते नजर आए।
व्यापारियों का कहना है कि बकरीद करीब आने के साथ देर रात तक खरीदारी चल रही है और उन्हें अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है। शाम ढलते ही मंडी में मोलभाव और खरीदारों की भीड़ और बढ़ गई। दुबग्गा, नीबू पार्क, ऐशबाग, खुर्रम नगर, इंदिरानगर समेत अन्य स्थानों पर भी बकरों की मंडी सजी रही।
चाकू, चापड़ की भी सजी दुकानों पर रही भीड़
चौक इलाके की कंघी वाली गली में कुर्बानी में इस्तेमाल होने वाले चाकू, छुरी, चापड़ और मुगदर की दुकानें भी सजी रहीं। दुकानदारों के अनुसार चापड़ 500 रुपये तक और छुरी 100 से 200 रुपये में बिक रही है। धार तेज कराने वालों के यहां भी लोगों की भीड़ लगी रही।
सेवई-मेवे की दुकानों पर रही रौनक
शहर के चौक, निशातगंज, अमीनाबाद, खुर्रमनगर, इंदिरा नगर, गोमती नगर, समेत विभिन्न स्थानोँ पर सेवई की दुकानें भी सजी हुई हैं। इन दुकानों पर मुस्लिम समुदाय के पुरुषों व महिलाओं की भीड़ खरीदारी के लिए लगी रही। सूखे मेवों की दुकानों पर भी मुस्लिम महिलाएं और पुरुष बकरीद की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी करते नजर आए। अमीनाबाद, चौक और नक्खास के बाजार देर रात तक रौनक से भरे रहे।