UP: गर्मी में कटौती के बिना सप्लाई के निर्देश, लोकल फाल्ट पर तत्काल पहुंचे टीम; कर्मचारी संगठनों ने दी चेतावनी
Electricity in UP: यूपी में गर्मी ने दस्तक दे दी है। इस बीच बिजली विभाग ने गर्मियों को देखते हुए बिजली की सुचारू आपूर्ति की बात कही है।
विस्तार
प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रखने की तैयारी शुरू हो गई है। पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल ने सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जहां भी लोकल फाल्ट की सूचना मिले तत्काल अवर अभियंता उसे दुरस्त कराएं।
कार्पोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि गर्मियों में सभी को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने ट्रांसफार्मर खराब न हों, इसके लिए पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए। हर ट्रांसफार्मर पर फ्यूज और टेललेस यूनिट लगाने के निर्देश भी दिए हैं। पर्याप्त संख्या में कर्मी की उपलब्ध रखने और निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप बिजली आपूर्ति करने का निर्देश दिया है। अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ में बिजली ट्रिपिंग किसी भी कीमत पर न होने देने का निर्देश दिया है।
15 अप्रैल से 21 मई तक चलेगा प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की रविवार को फील्ड हॉस्टल में हुई बैठक में चेतावनी दी गई कि बिजली कर्मियों पर की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयां वापस नहीं ली गईं, तो आने वाली गर्मियों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसकी पूरी जिम्मेदारी पाॅवर कॉर्पोरेशन के शीर्ष प्रबंधन की होगी। समिति ने 15 अप्रैल से 21 मई तक प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की है।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि प्रबंधन अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए किसी भी कर्मचारी या अभियंता पर कार्रवाई करता है, तो बिजली कर्मी काम छोड़कर बाहर आने को बाध्य होंगे। समिति ने आरोप लगाया कि एक ओर बिजली कर्मियों का उत्पीड़न हो रहा है, वहीं दूसरी ओर वर्टिकल रिस्ट्रक्चरिंग के नाम पर संविदा कर्मियों की बड़े पैमाने पर छंटनी की जा रही है। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनजागरण अभियान के तहत केंद्रीय पदाधिकारी पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे और प्रत्येक जनपद में बिजली उपभोक्ताओं तथा किसानों के साथ संयुक्त सभाएं करेंगे। बैठक को संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे, राहुल बाबू कटियार और जितेंद्र सिंह गुर्जर आदि ने संबोधित किया।
डिस्कॉम मुख्यालयों पर प्रदर्शन
व्यापक जनजागरण अभियान के तहत विभिन्न डिस्कॉम मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे। इनमें 24 अप्रैल को मेरठ डिस्कॉम, 2 मई को केस्को, 6 मई को आगरा, 14 मई को लखनऊ और 21 मई को वाराणसी डिस्कॉम पर प्रदर्शन होगा।