सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: Legislative Assembly's budget session begins today; SP may create ruckus over Governor's address; Akhiles

यूपी: विधानमंडल का बजट सत्र आज से, राज्यपाल के अभिभाषण पर सपा कर सकती है हंगामा; अखिलेश ने उठाया ये मुद्दा

अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Mon, 09 Feb 2026 08:34 AM IST
विज्ञापन
सार

Uttar Pradesh Vidhan Mandal Budget Session 2026: यूपी विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। बजट सत्र का पहला दिन ही हंगामे की भेंट चढ़ सकता है। सत्ता और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी तैयारी कर ली हैं।

UP: Legislative Assembly's budget session begins today; SP may create ruckus over Governor's address; Akhiles
यूपी विधानसभा में बजट सत्र आज से - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार

विधानमंडल का बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। इस दौरान विपक्ष मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर), कोडीन कफ सिरप की तस्करी, विदेश नीति, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरेगा। खासकर समाजवादी पार्टी के सदस्य अभिभाषण के दौरान इन मुद्दों को लेकर हंगामा कर सकते हैं। बजट सत्र को लेकर विधानभवन की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त भी किए गए हैं।

Trending Videos


बजट सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें सभी दलों ने सदन को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। सोमवार को वर्ष 2026 के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' से होगी। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा अभिभाषण पढ़कर सुनाया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी शामिल होगी। अभिभाषण के दौरान दोनों सदनों के सदस्य विधानसभा के मुख्य मंडप में मौजूद रहेंगे। इसके बाद राज्य सरकार द्वारा विधायी कार्य भी निपटाए जाएंगे। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

सीएम बोले स्वस्थ चर्चा हो

UP: Legislative Assembly's budget session begins today; SP may create ruckus over Governor's address; Akhiles
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना - फोटो : amar ujala
सदन में स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। स्वस्थ चर्चा से प्रदेश का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान होता है। जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के हित से जुड़े हर मुद्दों पर सदन में सुचारु रूप से चर्चा करनी चाहिए। सदन के संचालन में किसी प्रकार की बाधाएं न आएं, इसका ध्यान सभी सदस्यों को रखना चाहिए।- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री

सहमति-असहमति एक अंग
संसदीय व्यवस्था में संवाद तथा सकारात्मक चर्चा-परिचर्चा से लोकतंत्र मजबूत होता है। सहमति और असहमति लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं। सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर देर शाम तक सदन की कार्यवाही संचालित की जाएगी। सतीश महाना, विधानसभा अध्यक्ष
 

सपा ने तैयार की रणनीति

UP: Legislative Assembly's budget session begins today; SP may create ruckus over Governor's address; Akhiles
अखिलेश यादव - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राजधानी लखनऊ में बजट सत्र का पहला दिन हंगामे की भेंट चढ़ना तय माना जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले विधानभवन में सोमवार को चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर सपा के विधायक प्रदर्शन करेंगे। उसके बाद सदन के भीतर राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध करेंगे और पूरे समय गो-बैक के नारे लगाएंगे।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा विधायक मंडल दल की बैठक में सत्र को लेकर रणनीति तैयार की गई। तय हुआ है कि एसआईआर में गड़बड़ियों को सदन के भीतर मुखर ढंग से उठाया जाएगा। बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, खाद संकट, एमएसपी पर बिचौलियों की खरीद आने आदि मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे। इसके अलावा कोडीन सिरप का मामला भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

यह ट्रेड डील नहीं, ढील है -अखिलेश
विधायक मंडल दल की बैठक के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर कहा कि यह डील नहीं ढील है। इस ट्रेड डील से खेती किसानी पर संकट आएगा। हमारे किसान और एमएसएमई अमेरिका से मुकाबला कैसे करेंगे। यूपी के बजट का इस्तेमाल जनता के लिए नहीं होता है।

 

सीएम ने दिए निर्देश- सत्र में मौजूदगी के साथ ही एसआईआर पर रखें फोकस

UP: Legislative Assembly's budget session begins today; SP may create ruckus over Governor's address; Akhiles
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

बजट सत्र के दौरान विपक्ष की घेरेबंदी का मुकाबला करने के लिए रविवार को हुई भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का असर रहा। रविवार को लोकभवन में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों और विधायकों को सदन में पूरी तैयारी के साथ नियमित मौजूद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान भी यह सुनिश्चित किया जाए कि एसआईआर का कार्य किसी भी स्तर पर प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने विधायकों को अपने-अपने कार्यालय खुले रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जुड़वाने, मृतकों के नाम हटवाने और स्थानांतरण संबंधी प्रविष्टियों को दुरुस्त कराने के लिए अधिक से अधिक आवेदन कराए जाएं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एसआईआर बेहद अहम है। वहीं, सीएम ने देर शाम को अपने आवास पर भाजपा सचेतक दल के साथ भी बैठक करके सदन के संचालन को लेकर तैयार रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विधायकों से कहा कि विपक्ष सत्र के दौरान भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा, लेकिन तथ्यों के साथ उसका जवाब दिया जाए। उन्होंने घोषणा की कि सत्र के दौरान विधायकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी को अभी से अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए और इस बार पहले से भी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनानी है। उन्होंने सभी विधायकों से नियमित रूप से सदन में उपस्थित रहने का आह्वान किया।

प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर ''''समर्पण दिवस'''' मना रही है। इसमें सभी विधायकों की भागीदारी अनिवार्य रूप से होना चाहिए। उन्होंने एसआईआर में संगठन के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

बजट का अध्ययन करके दें जवाब : खन्ना

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि 11 फरवरी को पेश होने वाले बजट का सभी विधायक गहन अध्ययन करें और विपक्ष के सवालों के लिए पूरी तैयारी के साथ सदन में आएं। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का फोकस विकास योजनाओं पर है और विपक्ष के दुष्प्रचार में नहीं फंसना चाहिए।

बैठक में नहीं पहुंचे ब्रजभूषण
पिछले दिनों महोबा दौरे पर गए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने को लेकर उठे विवादों से घिरे चरखारी के भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत विधानमंडल दल की बैठक में नहीं पहुंचे। इसकों लेकर तरह-तरह की चर्चा रही।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed