UP: राजधानी में दिनदहाड़े बड़ी वारदात, घर में घुसे बदमाश, महिला पर हमला कर 15 लाख के गहने लूटकर भागे
लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में दिनदहाड़े बदमाशों ने घर में घुसकर अकेली महिला पर हमला किया और करीब 15 लाख रुपये के गहने तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ में पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-दो में बुधवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक मकान में घुसकर महिला पर हमला किया। करीब 15 लाख रुपये के जेवर तथा 20 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के समय घर में महिला अकेली थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
घर पर बहू थी अकेली
ओपी चौधरी अस्पताल में सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत मिश्रा की पत्नी बाजार गई थीं, जबकि बेटा और बेटी ड्यूटी पर थे। घर की पहली मंजिल पर उनकी बहू ज्योति मिश्रा अकेली थीं। दोपहर करीब दो बजे उन्हें दूसरे कमरे से आवाज सुनाई दी। जांच करने पहुंचीं तो बदमाश घर में घुस चुके थे। विरोध करने पर बदमाशों ने लोहे की बट जैसे हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया। दोबारा वार होने पर वह बेहोश हो गईं, जिसके बाद आरोपी जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
लाइसेंसी बंदूक छोड़कर भागे
शाम करीब चार बजे ड्यूटी से लौटी ननद आकांक्षा ने घर का सामान बिखरा और ज्योति को बेहोश देखा। सूचना पर एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव और पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि बदमाश जल्दबाजी में घर का टीवी और 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक मौके पर ही छोड़कर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।