UP: छात्र नेताओं को जमानत मिलने पर संजय सिंह ने सरकार को घेरा, बोले- जनता तक पहुंचा पेपर लीक मुद्दा
आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि छात्र नेता आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय को सत्ता के इशारे पर जबरन जेल में रखा गया और युवाओं के आंदोलन को कुचलने की कोशिश की गई, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने सरकार की कार्रवाई की वास्तविकता उजागर कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा छात्र नेता आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय को जमानत दिए जाने के बाद प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पेपर लीक, भर्ती घोटालों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्र नेताओं को सत्ता के दबाव में झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा गया, लेकिन अब अदालत के फैसले ने सरकार और उसके अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। संजय सिंह ने कहा कि न्यायालय की टिप्पणी और जमानत आदेश इस बात का प्रमाण है कि युवाओं की आवाज को प्रशासनिक दमन से हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि छात्र नेता आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय को सत्ता के इशारे पर जबरन जेल में रखा गया और युवाओं के आंदोलन को कुचलने की कोशिश की गई, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने सरकार की कार्रवाई की वास्तविकता उजागर कर दी।
ये भी पढ़ें - राम मंदिर दान प्रकरण: तूल पकड़ता जा रहा है दान राशि में गबन का मामला, संत और विनय कटियार बोले- जांच हो
ये भी पढ़ें - 'विभाग से जुड़ी जानकारी मुझे टीवी चैनल से मिलती है', ऊर्जा मंत्री ने यूपीपीसीएल चेयरमैन को लिखा पत्र
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हुईं। पुलिस भर्ती, शिक्षक भर्ती, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य चयन प्रक्रियाओं को लेकर लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। जब छात्र और युवा सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की मांग करने लगे तो सरकार ने समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन करने वालों पर मुकदमे दर्ज कराए, गिरफ्तारियां कराईं और दमन का रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पेपर लीक पर चर्चा से लगातार भागती रही है, लेकिन युवाओं का आक्रोश और संघर्ष अब पूरे प्रदेश में एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है।
संजय सिंह ने कहा कि जब यह पूरा प्रकरण सामने आया था तब भी आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि पेपर लीक करने वाले माफियाओं, भ्रष्ट अधिकारियों और उनकी राजनीतिक संरक्षण व्यवस्था पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सरकार ने असली दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन छात्रों और युवाओं को निशाना बनाया जो न्याय की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपने भविष्य और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं को अपराधियों की तरह पेश किया गया।
उन्होंने कहा कि आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय ने जिस साहस के साथ युवाओं की आवाज बुलंद की, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। सत्ता का दबाव, मुकदमे और जेल भी उनके हौसलों को नहीं तोड़ सके। आज अदालत से मिली राहत यह साबित करती है कि उनका संघर्ष न्याय और युवाओं के अधिकारों के लिए था। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के युवाओं को ऐसे बहादुर छात्र नेताओं पर गर्व है जिन्होंने अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर लाखों बेरोजगार युवाओं की आवाज बनने का काम किया।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी शुरू से ही पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ युवाओं की लड़ाई के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को संरक्षण देती रही और आवाज उठाने वालों का दमन करती रही तो प्रदेश का युवा लोकतांत्रिक तरीके से और अधिक मजबूत संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता। अंत में उन्होंने कहा कि सत्य और न्याय की जीत हुई है तथा युवाओं के संघर्ष को अब और अधिक मजबूती मिलेगी।