यूपी: गर्मी के चलते आज से बदले समय पर खुले स्कूल, इस समय हो जाएंगे बंद; सिर्फ चार घंटे स्कूल चलाने की मांग
School timings changed in UP: यूपी में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। हालांकि शैक्षिक महासंघ ने गर्मियों में स्कूल सिर्फ चार घंटे चलाने की मांग की है।
विस्तार
प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से बच्चों को राहत दिलाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अब सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे पढ़ाई होगी। अभी स्कूलों का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है। मंगलवार से स्कूलों के इस समय में बदलाव हो गया है। कुछ जिलों में बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने अलग से पत्र भी जारी कर दिया है।
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कहा है कि प्रदेश में गर्मी व हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय विद्यालय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चलेंगे। विद्यालयों में पढ़ाई 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। जबकि विद्यालयों में प्रार्थना सभा, योगाभ्यास सुबह 7.30 से 7.40 बजे तक होगा। उन्होंने कहा है कि मध्यावकाश सुबह 10 से 10.15 बजे तक होगा।
वहीं शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में सुबह 7.30 से दोपहर 1.30 बजे तक रहेंगे। इस दौरान वे शैक्षणिक, प्रशासकीय व अन्य कार्यों को पूरा करेंगे। निदेशक ने कहा है कि मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए प्रबंध समिति आवश्यक निर्णय लेने को अधिकृत होगी। बता दें कि प्रदेश में तेजी से बढ़ रही गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठन लगातार विद्यालयों का समय बदलने की मांग कर रहे थे। वहीं कुछ जिलों में विद्यालय का समय बदला भी था।
गर्मी में चार और सर्दी में पांच घंटे खुलें स्कूल
राष्ट्रीय शैक्षिक महांसघ, प्राथमिक संवर्ग ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षणिक घंटों को आरटीई-2009 के अनुसार निर्धारित करने की मांग की है। इसके लिए संगठन ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा विभाग और महानिदेशक स्कूल शिक्षा को मांगपत्र भेजा है।
इसमें प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने गर्मी में चार घंटे और जाड़े में पांच घंटे से अधिक की विद्यालय अवधि को बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए प्रतिकूल बताया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की मानसिक ऊर्जा सीमित होती है इसलिए बहुत लम्बे समय तक स्कूल में रहना उनके लिए तनावपूर्ण होता है। प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी ने कहा कि आरटीई के अंतर्गत एक शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों में कार्यदिवस व समय निर्धारित किया गया है। जो कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के लिए 200 कार्यदिवस और 800 घंटे व कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के लिए 220 कार्यदिवस और 1000 घंटे है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन ने मांग की है कि स्कूलों का समय गर्मी में सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक साढ़े चार घंटे तथा जाड़े में पांच घंटे किया जाना उचित होगा। इससे हर साल मौसम खराब होने पर बार-बार समय बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
प्रदेश झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में, 26 जिलों में लू की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और तपिश लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। माैसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अगले एक हफ्ते तक प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार के लिए प्रदेश के बुंदेलखंड के इलाके समेत 26 जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी किया है। वहीं पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर आदि में उष्ण रात्रि यानी बेहद गर्म रात होने की भी बात कही है। इससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी
सोमवार को 44.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं 44 डिग्री के साथ वाराणसी प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा। वहीं हमीरपुर में 27.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रही।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुष्क पछुआ हवाओं और मौसम के प्रभाव से कई जिलों में लू चलने की स्थिति बन गई है। अगले पांच दिनों तक यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
इन 26 जिलों के लिए है लू की चेतावनी
इन जिलों में है उष्ण रात्रि की संभावना
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर व आसपास के इलाकों में।

कमेंट
कमेंट X