UP: होली पर घर आना आसान, लौटना होगा मुश्किल, 20 हजार से अधिक यात्री कंफर्म के इंतजार में
होली के अवसर पर घर आना आसान होगा पर लौटना मुश्किल होने वाला है। दिल्ली की ट्रेनों में वेटिंग 120 है जबकि मुंबई के लिए वेटिंग 150 के पार हो गई है।
विस्तार
होली पर घर आने और वापस लौटने वालों के लिए ट्रेनों में सीटों की मारामारी शुरू हो गई है। दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख रूटों पर वेटिंग लिस्ट लंबी होती जा रही है। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली रूट की ट्रेनों में वेटिंग 120 और मुंबई जाने वाली गाड़ियों में 150 के पार पहुंच गई है। फिलहाल 20 हजार से अधिक यात्री कंफर्म टिकट के इंतजार में हैं।
4 मार्च को होली है। लखनऊ आने वाले यात्री त्योहार के बाद 6 मार्च से वापसी की योजना बना रहे हैं, मगर दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोरखधाम और वैशाली जैसी ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों की उम्मीदें तत्काल कोटे की करीब 5,400 सीटों पर टिकी हैं। हालांकि, जिस रफ्तार से वेटिंग बढ़ रही है, तत्काल में भी सीट मिलनी चुनौती से कम नहीं होगी।
ये भी पढ़ें - नगर निगम फिर से लगाएगा कूड़े से बिजली बनाने का प्लांट, एक बार फेल हो चुका है प्लांट
ये भी पढ़ें - नहीं जाना होगा मुंबई, कैंसर संस्थान में शुरू होगी प्रोटॉन बीम थेरेपी, 750 करोड़ रुपये की लागत से होगी शुरुआत
वहीं, मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस, अवध, कुशीनगर और सीतापुर-एलटीटी जैसी रेगुलर ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा 150 के पार है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तत्काल कोटे की सीटों की बुकिंग यात्रा से एक दिन पहले शुरू होगी।
स्पेशल ट्रेनों पर दारोमदार
रेगुलर ट्रेनों में जगह न मिलने के मलाल को कम करने के लिए रेलवे प्रशासन लगातार होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर रहा है। अब तक चंडीगढ़, पटना, कोलकाता, मुंबई, दिल्ली और वाराणसी के लिए करीब 30 स्पेशल ट्रेनों का एलान किया जा चुका है। रेलवे का दावा है कि इन ट्रेनों के संचालन से वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को राहत मिलेगी।