Lucknow: कक्षा एक के बच्चे को पिलाया फिनाइल, स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप; प्रबंधक समेत दो पर केस दर्ज
राजधानी में स्कूल में कक्षा एक के बच्चे को फिनाइल पिला दिया गया। पिता के शिकायत करने पर मैनेजर ने अभद्रता की। मामले में स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप है। प्रबंधक समेत दो पर केस दर्ज किया गया है। आगे पढ़ें पूरा मामला...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में कक्षा एक के छात्र को सहपाठी ने फिनाइल पिला दिया। बच्चे के पिता का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल में शिकायत की तो उनसे अभद्रता की गई। मामले में वजीरगंज थाना पुलिस ने स्कूल के मैनेजर व दो अन्य के खिलाफ लापरवाही के कारण गंभीर बीमारी फैलाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के बारूदखाना स्थित नूरूल इस्लाम स्कूल का है। बाग घासी निवासी ठेला संचालक जुबैर ने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे स्कूल शिक्षक का पत्नी के पास फोन आया। उन्होंने स्कूल में बेटे के फिनाइल पीने की बात बताई। यह सुनते ही पत्नी घबरा गई। उसने देवर को इसकी जानकारी दी। बच्चे को स्कूल से घर लाने की बात कही। आनन-फानन भाई बच्चे को घर लेकर आया। उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां करीब 48 घंटे तक भर्ती रहने के बाद बेटे की हालत सामान्य हुई।
बच्चों की पानी की बॉटल के पास रखा था फिनाइल
पिता जुबैर का कहना है कि पूछताछ करने पर बेटे ने बताया कि उसकी क्लास में बच्चों की पानी की बोतलों के साथ फिनाइल रखा था। छुट्टी होने पर सभी चले गए थे। मगर, वह और दो बच्चे क्लास में ही थे। उनमें से एक ने उसे बोतल में रखा फिनाइल पिला दिया। हालत बिगड़ने पर जब शिक्षक को जानकारी हुई, तब उन्होंने घर में सूचना दी।
स्कूल प्रशासन पर बात छिपाने का आरोप
जुबैर का आरोप है कि जब उन्होंने शिकायत करने और पूरी बात जानने के लिए स्कूल से संपर्क किया तो मैनेजर नावेद ने अपनी व शिक्षकों की लापरवाही न मानते हुए उनसे अभद्रता की। नावेद के साथ ही स्कूल के डॉ. मो. शोएब कुरैशी ने भी उनसे घटना छिपाए रखी। ऐसे में उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, मामले की विवेचना की जा रही है। बच्चे के पिता और आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। बयान और साक्ष्यों के आधार पर कर्रवाई की जाएगी।