Yogi Cabinet: एक रुपये में मिलेगी मेडिकल कॉलेज की जमीन, पंचायत चुनाव में पिछड़ा आयोग का गठन; पढ़ें बड़े फैसले
लखनऊ में सीएम योगी की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। इसमें नए मंत्री भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय भी शामिल हुए। कैबिनेट ने लखनऊ मेट्रो के विस्तार समेत 12 प्रस्तावों पर मुहर लगाई। इनमें सबसे अहम दो प्रस्ताव हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीएम योगी की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। कैबिनेट ने लखनऊ मेट्रो के विस्तार समेत 12 प्रस्तावों पर मुहर लगाई। इनमें कई बड़े आदेश शामिल हैं। अब एक रुपए में मेडिकल कॉलेज को मिलेगी जमीन। लोहिया संस्थान में बनेगा 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर। वहीं, पंचायत आरक्षण आयोग का गठन किया गया। पढ़िए बड़े आदेश।
लोहिया संस्थान में बनेगा 1010 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी सेंटर
डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के नवीन परिसर में 1010 बेड का नया अस्पताल बनेगा। यह अस्पताल शहीद पथ स्थित गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में बनेगा ।। यह अस्पताल मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल के रूप में कार्य करेगा। यहां नवीन ओपीडी ब्लॉक एवं टीचिंग ब्लॉक का भी निर्माण होगा। इस आशय के प्रस्ताव को सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी गई है।
निर्माण कार्य की परियोजना के लिए 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें कुल 1010 बेड स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही मरीजों की बढ़ती संख्या और बेहतर उपचार व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक नया ओपीडी ब्लॉक भी बनाया जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत 200 सीटों की क्षमता वाला नया टीचिंग ब्लॉक भी विकसित किया जाएगा। इससे चिकित्सा छात्रों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण मिलेगा तथा मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार होगा।
इस नई चिकित्सा अवसंरचना के विकसित होने से गंभीर रोगियों को त्वरित और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को भी राजधानी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
लोहिया संस्थान में बढ़ेंगी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि लोहिया संस्थान में कई नई सुविधाएं शुरू की गई है। अब नए अस्पताल के लिए मंजूरी मिली है। इससे यहां सुपर स्पेशियलिटी सेवा को विस्तार मिलेगा। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। शहीद पथ के किनारे इस अस्पताल के होने से विभिन्न जिलों के मरीज आसानी से पहुंच सकेंगे।
पशु चिकित्सा छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता तीन गुना बढ़ा
प्रदेश में अध्ययनरत पशु चिकित्सा के छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते को 4,000 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।इस निर्णय से तीनों विश्वविद्यालयों में अनुमोदित 300 छात्रों को लाभ मिलेगा। इस आशय के प्रस्ताव को सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक मंजूरी दे दी गई है।
दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश विशाल जनसंख्या, बड़ी पशुधन संख्या और विस्तृत भौगोलिक क्षेत्र वाला राज्य है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में पशुधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, विभिन्न पशु महामारियों के नियंत्रण और उन्मूलन तथा उन्नत नस्लों के संवर्धन में पशु चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार उत्तर प्रदेश पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान, आचार्य नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी में अध्ययनरत पशु चिकित्सा छात्रों को अब बढ़ा हुआ इंटर्नशिप भत्ता मिलेगा।
पशुपालन मंत्री ने कहा कि हरियाणा, कर्नाटक और केरल जैसे राज्यों में अधिक इंटर्नशिप भत्ता दिए जाने का अध्ययन करने के बाद यह फैसला लिया गया है। प्रस्ताव लागू होने पर सरकार पर लगभग 4.20 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा, जिसकी व्यवस्था विश्वविद्यालयों को दिए जाने वाले शासकीय अनुदान के गैर-वेतन मद से की जाएगी।
पारेषण लाइनों का होगा निर्माण
मीरजापुर पूलिंग उपकेन्द्र (एआईएस) एवं सम्बन्धित पारेषण लाइनों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। प्रदेश में बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति के लिए प्रस्तावित तापीय एवं पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं से उत्पादित ऊर्जा के समुचित निकासी के लिए 765/400 केवी मीरजापुर पूलिंग उपकेन्द्र एवं संबंधित पारेषण लाइनों के निर्माण पर करीब 2799.47 करोड़ खर्च होने का प्रस्ताव है। इसमें उपकेन्द्र एवं 'बे' निर्माण पर 1315.91 करोड़ तथा पारेषण लाइनों के लिए 1483.56 करोड़ सम्मिलित हैं।
यह परियोजना कामन पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित की जाएगी. जिससे प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं निरंतरता में उल्लेखनीय सुधार होगा। सभी उपभोक्ताओं-घरेलू, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक को बेहतर एवं निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
एक रुपए में मेडिकल कॉलेज को मिलेगी जमीन
राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरु चिकित्सालय परिसर के विस्तार/उच्चीकरण के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल एवं महात्मा गाँधी मार्ग से जुडी हुई पूल्ड हाऊसिंग की भूमि को चिकित्सा शिक्षा विभाग के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी। सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरु चिकित्सालय परिसर की स्थापना सन् 1961 में की गयी थी। यह चिकित्सालय प्रयागराज मण्डल का सबसे बड़ा टर्शियरी लेवल का राजकीय चिकित्सालय है, जहाँ पर समीपवर्त गें ए सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में गंभीर मरीज उच्च स्त 3/9 हे प्रतिदिन आते हैं।
चिकित्सालय परिसर में चिकित्सा एवं जांच सुविधाओं का विस्तार किये जाने एवं आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाना है। इन सुविधाओं के विस्तार के लिए वर्तमान में उपलब्ध चिकित्सालय परिसर के भूखण्ड में रिक्त स्थान उपलब्ध नहीं है। स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल महात्मा गांधी मार्ग से जुडी हुई पूल्ड हाऊसिंग की भूमि से जुड़ा हुआ है। चिकित्सालय के विस्तार/उच्चीकरण के लिए भूमि की आवश्यकता है। चिकित्सालय को अन्य कहीं स्थानान्तरित नहीं किया जा सकता।
ऐसे में जिलाधिकारी, प्रागराज द्वारा राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरु चिकित्सालय, प्रयागराज के पक्ष में स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल एवं महात्मा गांधी मार्ग से जुडी हुई पूल्ड हाऊसिंग की भूमि स्थित मौजा नीबीबाग, परगना व तहसील सदर, जनपद प्रयागराज की नान जेड०ए० खतौनी फसली सन् 1428 के भूखण्डो में से 31314 वर्गमीटर भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग के पक्ष में पट्टे पर दिए जाने की संस्तुति की गयी है।
ऐसे में खतौनी फसली सन् 1428 के खाता संख्या-38, खाता संख्या-39 तथा खाता संख्या-44 में से रकबा 31314 वर्गमीटर भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग के पक्ष में 1.00 (एक रूपये मात्र) वार्षिक किराये की दर से 90 वर्ष के लिए पट्टे पर हस्तान्तरित किया जाएगा। राजकीय मेडिकल कालेज, प्रयागराज से सम्बद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर के विस्तार/उच्चीकरण से चिकित्सीय उपचार एवं जनपद प्रयागराज व इसके निकटवर्ती जनपदों यथा-प्रतापगढ़/सुल्तानपुर/कौशाम्बी/फतेहपुर /जौनपुर/मिर्जापुर/भदोही/बाँदा / चित्रकूट के निवासियों को उच्च स्तरीय चिकित्सीय उपचार में सहायता मिलेगी।