Bhopal News: भोपाल में 13 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, दो दिन बाद सरकारी क्वार्टर के स्टोर रूम में मिला शव
भोपाल में स्कूल के लिए निकली 13 वर्षीय छात्रा का दो दिन बाद सरकारी क्वार्टर के स्टोर रूम में शव मिला। परिजनों ने हत्या, दुष्कर्म और फिरौती कॉल का आरोप लगाया, जबकि पुलिस परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 13 वर्षीय छात्रा का दो दिन से लापता रहने के बाद घर के पास स्थित एक सरकारी क्वार्टर के स्टोर रूम में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा के हाथ-पैर पर चोट के निशान मिलने और घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक नोट बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या और अनहोनी की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक परिस्थितिजन्य साक्ष्य आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं, लेकिन पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
स्कूल के लिए निकली, फिर नहीं लौटी
एमपी नगर पुलिस के अनुसार छात्रा गुरुवार सुबह करीब 10:40 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह न तो स्कूल पहुंची और न ही शाम तक घर लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रात करीब 8 बजे थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। अगले दिन भी परिवार और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर तलाश जारी रखी। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात छात्रा का शव घर के पास स्थित सरकारी क्वार्टर के स्टोर रूम में मिला। परिजनों का दावा है कि स्टोर रूम के बाहर ताला लगा हुआ था। ऐसे में पुलिस यह जांच कर रही है कि छात्रा वहां तक कैसे पहुंची और कमरे के बाहर ताला किसने लगाया।
हाथ-पैर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों के अनुसार छात्रा की कलाई पर कट का निशान था। दोनों पैरों पर छिलने और खून के निशान भी मिले। परिवार का दावा है कि शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी थे और घटनास्थल पर दो स्थानों पर खून दिखाई दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रा के गुप्तांग से रक्तस्राव हो रहा था। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इन दावों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पढ़ें: मटन का पहला निवाला और दिखा मरा हुआ चूहा, खंडवा के 25 साल पुराने होटल पर गंभीर आरोप; जांच शुरू
फिरौती के लिए फोन आने का दावा
परिवार का आरोप है कि छात्रा के लापता रहने के दौरान अज्ञात नंबरों से फोन आए और फिरौती की मांग की गई। उनका कहना है कि रकम नहीं देने पर बच्ची को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। पुलिस इन दावों की पुष्टि के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड और संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।
अंग्रेजी में मिला नोट, जांच के घेरे में
घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक नोट भी बरामद हुआ है। परिजनों का दावा है कि नोट में एक युवक का नाम लिखा है और छात्रा को अंग्रेजी लिखना नहीं आता था। परिवार ने नोट से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई है। पुलिस नोट की हैंडराइटिंग का छात्रा की लिखावट से मिलान कराएगी और अन्य फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
मोबाइल, सीसीटीवी और कॉल डिटेल की जांच
पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, अज्ञात नंबरों से आए कॉल, सीसीटीवी फुटेज, स्कूल में उसकी गतिविधियों और दोस्तों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद उसके दोस्तों और स्कूल के अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की गई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, हैंडराइटिंग जांच, मोबाइल और कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा की मौत आत्महत्या थी या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई।
