सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Re-NEET exam today: Delhi to decide which centers receive the question papers; mobile phones, smartwatches, an

री-नीट परीक्षा आज: दिल्ली से तय होगा किस सेंटर पर पहुंचेगा प्रश्नपत्र, मोबाइल-स्मार्ट वॉच व ब्लूटूथ प्रतिबंधित

न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Sun, 21 Jun 2026 08:46 AM IST
विज्ञापन
सार

Neet Exam: प्रश्नपत्र वितरण, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध जैसी व्यवस्थाओं के बीच रविवार को प्रदेशभर में हजारों विद्यार्थी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के अपने सपने के लिए परीक्षा देंगे।

Re-NEET exam today: Delhi to decide which centers receive the question papers; mobile phones, smartwatches, an
सख्त निगरानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा नीट रविवार 21 जून को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। पिछले वर्ष पेपर लीक और परीक्षा विवादों के बाद इस बार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। प्रश्नपत्रों की आवाजाही, अभ्यर्थियों की एंट्री और परीक्षा संचालन के हर चरण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। राजधानी भोपाल में 32 परीक्षा केंद्रों पर 13,774 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले दिल्ली से यह तय किया जाएगा कि किस स्ट्रांग रूम से किस परीक्षा केंद्र के लिए प्रश्नपत्र जारी किए जाएंगे। प्रश्नपत्र पहले ही एयरफोर्स के विशेष विमान से भोपाल पहुंचाए जा चुके हैं और उन्हें सीआरपीएफ सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।



पेपर लीक की आशंका खत्म करने बहुस्तरीय सुरक्षा
इस बार परीक्षा सामग्री के परिवहन से लेकर वितरण तक पूरी प्रक्रिया को हाई सिक्योरिटी मोड में रखा गया है। प्रश्नपत्र ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है और उनके साथ सीआरपीएफ की एस्कॉर्ट टीम रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। भीड़ और देरी से बचने के लिए अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मोबाइल, स्मार्ट वॉच और ब्लूटूथ पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति होगी।
विज्ञापन

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर अभ्यर्थी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

मॉक ड्रिल के जरिए परखी गई तैयारी
परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, बायोमेट्रिक सत्यापन और प्रश्नपत्र वितरण से जुड़ी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। जिन अधिकारियों का तबादला हो चुका है, उनकी रिलीविंग भी परीक्षा पूरी होने तक रोक दी गई है ताकि व्यवस्थाओं में किसी तरह की बाधा न आए।

रिपोर्टिंग में देरी हुई तो नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से रिपोर्टिंग शुरू होगी। इसके साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया भी चलेगी। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 65 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

धार्मिक और पारंपरिक परिधान वालों को विशेष सलाह
एनटीए ने धार्मिक या पारंपरिक परिधान पहनकर आने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। ऐसे अभ्यर्थियों की जांच में अतिरिक्त समय लग सकता है, इसलिए उन्हें रिपोर्टिंग समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य परीक्षा के लिए हल्के रंग और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बड़े बटन, ज्यादा जेब वाले कपड़े, आभूषण, बेल्ट, घड़ी और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

रेलवे स्टेशनों पर बनाए गए हेल्प बूथ
दूसरे जिलों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, गुना और अशोकनगर रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प बूथ स्थापित किए गए हैं। यहां परीक्षा केंद्रों का पता, परिवहन सुविधाएं और मार्ग संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
नीट अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेन भी चलाई थी, जो शनिवार रात भोपाल पहुंची। हालांकि ट्रेन में अपेक्षा के मुकाबले काफी कम विद्यार्थी यात्रा करते नजर आए।

भोपाल में घटे परीक्षार्थी, एक केंद्र भी कम हुआ
इस वर्ष भोपाल में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। पिछले वर्ष जहां 14,334 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 13,774 रह गई है। यानी 560 परीक्षार्थी कम हुए हैं। परीक्षा केंद्रों की संख्या भी 33 से घटकर 32 हो गई है। एक केंद्र पर उसी दिन यूपीएससी की परीक्षा होने के कारण उसे नीट केंद्रों की सूची से बाहर रखा गया है।

यह भी पढ़ें-क्या छात्र संगठनों के आगे बेबस हो गया विभाग? आंदोलन के बाद BU और RGPV के कुलगुरु को छोड़ना पड़ा पद

भोपाल-इंदौर में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी
प्रदेश में सबसे अधिक परीक्षार्थी भोपाल और इंदौर में परीक्षा देंगे। भोपाल में 13,774 और इंदौर में 14 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके अलावा जबलपुर में लगभग 10 हजार, ग्वालियर में 5 हजार, छिंदवाड़ा में 4,303, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed