Chhindwara: अश्लील वीडियो प्रकरण पर उमा नाराज, बोलीं-पुलिस न सुने तो लोकतांत्रिक तरीके से करें थाने का घेराव
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अश्लील वीडियो वायरल प्रकरण में पुलिस की कथित निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक तरीके से थाने का घेराव करने की सलाह दी। उन्होंने साक्ष्य सौंपकर कानूनी दायरे में रहकर विरोध करने की बात कही।
विस्तार
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अश्लील वीडियो वायरल प्रकरण में पुलिस की कथित निष्क्रियता पर नाराजगी जताई है। मंगलवार को पांढुर्णा प्रवास के दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर मामले में तीन दिनों से कार्रवाई न होने की शिकायत की। इस पर उन्होंने कहा कि यदि पुलिस आपकी बात नहीं सुन रही है तो लोकतांत्रिक तरीके से थाने का घेराव करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्दीधारी जनता की सुरक्षा के लिए हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना उनका दायित्व है।
मामूली धाराओं में केस दर्ज करने का आरोप
कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि एक नाबालिग द्वारा वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस ने केवल सामान्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। उनका आरोप है कि मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से संगठन में आक्रोश है।
भोपाल से नागपुर जाते समय रुकी थीं
जानकारी के अनुसार, सोमवार की घटना के बाद मंगलवार को वीडियो वायरल हुआ। इसी दौरान उमा भारती भोपाल से नागपुर जाते समय पांढुर्णा स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रुकी थीं। वहीं संगठन के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ये भी पढ़ें- Indore: इंदौर की बेटी प्रियल यात्रियों को दुबई से लाई अपने देश, 149 यात्रियों के साथ विमान ने भरी उड़ान
सबूत सौंपने और संवैधानिक विरोध की सलाह
उमा भारती ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मामले से जुड़े सभी साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराएं और कानूनी दायरे में रहकर दबाव बनाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने के संवैधानिक तरीके मौजूद हैं और शांतिपूर्ण विरोध भी एक माध्यम है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
पूर्व मुख्यमंत्री के बयान के बाद स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे थाने का घेराव कर आंदोलन करेंगे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कमेंट
कमेंट X