बर्फीली हवाओं और कोहरे की मार दो दिन और झेलनी पड़ सकती है। बीते 16 दिनों से जारी रिकॉर्ड तोड़ सर्दी का सितम सोमवार को भी जारी रहा। सूरज नहीं निकला तो दिन का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा गया। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंचा तो रातभर प्रचंड सर्दी सताती रही। कैथल में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान तो रोहतक में 1.2 डिग्री में लोग ठिठुरते रहे। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर 31 दिसंबर को प्रचंड ठंड पड़ने और उसके बाद 1 जनवरी को भी कोहरे के साथ-साथ शीत लहर चलने की आशंका जताई है। सर्दी इस हद तक बढ़ेगी कि मंगलवार को कई इलाकों में पाला जमने की नौबत आ सकती है। 2 और 3 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान ओले भी पड़ सकते हैं।
शीत लहर का सितम जारी, कल तक और झेलनी पड़ेगी मार, पंजाब में 2 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक गुरुग्राम में रविवार को अधिकतम तापमान जहां 15.4 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को 5.8 डिग्री गिर कर 9.6 डिग्री पर पहुंच गया। यही हाल रोहतक का रहा, जहां अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे कम 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, हिसार में दिन का तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 12 डिग्री कम रहा। पूर्वी हवाओं के चलने और बादल छाने से दिन के तापमान में गिरावट आई। हालांकि दो दिन तक जमाव बिंदु के नजदीक रहने के बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि इसके बावजूद यह सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। करनाल का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान गिरने के साथ ही धुंध बढ़ने और शीत गिरने से भी लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोहरे के चलते कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है।
सूरज न निकलने से बढ़ी ठंड
सोमवार दिन की शुरुआत घनी धुंध व बादल छाने से हुई। सुबह धुंध इतनी गहरी थी कि अंबाला, रोहतक समेत कई शहरों में दृश्यता सिर्फ 20 मीटर थी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धुंध हल्की होती चली गई। मगर दिनभर सूर्य देवता ने दर्शन नहीं दिए। सूर्य न निकलने और हाड़ कंपा देने वाली हवाओं के कारण ठंड और बढ़ गई। 31 दिसंबर देर रात से तीन जनवरी के दौरान आंशिक बादल व बीच-बीच में गरज, चमक व हवाओं के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना रहेगी। डॉ. मदन खीचड़, हकृवि, कृषि मौसम विभागाध्यक्ष
शीत लहर: कल से आधा घंटा लेट खुलेंगे दफ्तर
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में शीत लहर की स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ और पंचकूला में स्थित मुख्यालयों के साथ-साथ फील्ड के सरकारी कार्यालयों में भी कार्य अवधि का समय 1 जनवरी से 15 जनवरी तक परिवर्तित कर दिया है। इस आशय के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंजूरी प्रदान कर दी है। राज्य में शीत लहर जारी है, इसलिए हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि सरकारी कार्यालयों का समय एक जनवरी से 15 जनवरी तक सुबह 9 बजे से लेकर सायं 5 बजे की अपेक्षा सुबह 9:30 बजे से लेकर सायं 5:30 बजे तक रहेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
रोहतक 7.6 1.2
नारनौल 12.0 1.5
अंबाला 12.4 2.7
फरीदाबाद 10.0 2.6
गुरुग्राम 9.6 2.6
सिरसा 8.6 2.7
करनाल 9.4 2.8
भिवानी 12.6 2.8
चंडीगढ़ 13.8 3.5
कुरुक्षेत्र 10.4 3.5
हिसार 8.6 3.6
पंजाब के स्कूलों में छुट्टियां दो जनवरी तक बढ़ीं
पंजाब सरकार ने राज्य से सभी सरकारी, प्राइवेट, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूलों में सर्दी की छुट्टियों को 31 दिसंबर 2019 से बढ़ाकर दो जनवरी 2020 तक कर दिया है। अब राज्य में सभी स्कूल तीन जनवरी को खुलेंगे। शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अध्यापकों से मिले सुझावों के आधार पर ऐसा किया गया है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि एक जनवरी की छुट्टी के एवज में जनवरी माह के दूसरे शनिवार 11 जनवरी को स्कूल आम दिनों की तरह खुलेंगे।
फिरोजपुरः बाइक को टक्कर मारी, दो युवकों की मौत
घनी धुंध में रविवार देर रात किसी वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा थाना गुरुहरसहाए में पड़ते गांव जीवां अराई के पास हुआ। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने सोमवार को वाहन चालक पर मामला दर्ज कर कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
लुधियानाः घने कोहरे में सड़क हादसे, दो की मौत
घने कोहरे में हुए सड़क हादसों ने दो लोगों की जान ले ली। कोहरे में खंभे से टकराकर बाइक सवार युवक मौत हो गई। वहीं फैक्टरी से पैदल ही घर जा रहे मजदूर ने तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर से दम तोड़ दिया। मोहल्ला वकीला निवासी राजेश नैय्यर (36) एक निजी कंपनी में बतौर डिलवरी ब्वाय काम करता है।
आनंदपुर गांव के रहने वाले नरिंदर कुमार सुंदर नगर इलाके में एक फैक्टरी में काम करता था। रविवार को वह फैक्टरी में काम खत्म करके निकला ही था। बाहर काफी धुंध थी। वह फैक्टरी से जीटी रोड के लिए पैदल ही निकल गया। घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिला तो वह धीरे धीरे पैदल ही चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।