ठंड से बचने के तरीके कई बार जानलेवा साबित होते हैं। छोटी सी चूक लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। पंजाब में ऐसे दो मामलों में पांच लोगों की जान चली गई है। पंजाब के फिरोजपुर जिले में मां और दो बच्चों और अमृतसर में सो रहे मां-बेटे की मौत हो गई है। कहीं आप भी ठंड से बचने का यह उपाय तो नहीं अपना रहे हैं...
सोते-सोते चली गई तीन मासूम समेत पांच लोगों की जान, कहीं आप भी तो नहीं करते ये काम
फिरोजपुर में मां और दो बच्चों की मौत
फिरोजपुर के गांव हामद वाला उताड़ में एक कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 35 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चे हैं। तीनों की मौत का कारण अंगीठी के धुएं से दम घुटना बताया जा रहा है। ठंड से निजात पाने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर रखी थी और टेलीविजन देखते हुए तीनों सो गए। सोमवार सुबह भैंसों का दूध निकालने के लिए महिला नहीं उठी तो जेठ ने दरवाजा खोलकर देखा दोनों बच्चों के साथ मौत हो गई गई थी । सूचना मिलते ही थाना मल्लांवाला पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच तीनों शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार के मुखिया केवल सिंह ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। छोटा बेटा जगजीत सिंह दो साल पहले रोजगार के लिए मलेशिया गया था। जगजीत की पत्नी राजवीर कौर (35), बेटा साहिलप्रीत सिंह (12) व एकमप्रीत सिंह (5) उसके पास रहते थे। ठंड से निजात पाने के लिए रविवार की रात राजवीर कौर ने कमरे में अंगीठी जलाकर रखी थी। तीनों टेलीविजन देखते हुए सो गए। सुबह तड़के उठ कर राजवीर कौर भैंसों का दूध निकालती है। सोमवार की सुबह राजवीर कोर भैंसों का दूध निकालने के लिए नहीं उठी।
काफी देर होने पर उसने अपने बड़े बेटे से बहू राजवीर कौर को उठाने की बात कही। जब दरवाजा खटखटाया गया तो बहू ने अंदर से कोई जवाब नहीं दिया। दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला तो देखा बहू अपने दोनों बच्चों के साथ चारपाई पर मरी पड़ी है। कमरे में हल्का-हल्का धुआं था। कमरे में बना रोशनदान भी शीशे से बंद था, इसीलिए अंगीठी का धुआं बाहर नहीं निकल सका।
उधर, डीएसपी राजविंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि तीनों की मौत दम घुटने के कारण हुई है। पारिवारिक सदस्यों के बयान लिख लिए हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम रणजीत सिंह भुल्लर ने पीड़ित परिवार से बातचीत की और मदद का आश्वासन दिया। दूसरी तरफ, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री इंद्रजीत सिंह जीरा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। जीरा ने कहा कि सरकार से पीड़ित परिवार की मदद कराई जाएगी।
