Gambhir-Dhoni: धोनी के पोस्ट पर गंभीर का जवाब, बोले- आपको देखकर अच्छा लगा; माही ने 'कोच साहब' से क्या कहा था?
माही के पोस्ट पर गंभीर ने अब कमेंट किया है। उन्होंने पोस्ट पर ही रिप्लाई करते हुए धोनी की मौजूदगी की सराहना की है।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जो लंबे समय से सोशल मीडिया पर बेहद कम सक्रिय रहे हैं। हालांकि, 86 हफ्ते बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर टीम को बधाई दी। धोनी फाइनल के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वीवीआईपी बॉक्स में रोहित शर्मा और जय शाह के साथ मौजूद थे। धोनी ने अपने पोस्ट में गौतम गंभीर का जिक्र करते हुए बेहद दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, 'कोच साहब, मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लगती है। मुस्कान के साथ आपकी तीव्रता घातक कॉम्बिनेशन है, बहुत बढ़िया।' गंभीर अपने सख्त और गंभीर स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, इसलिए उनकी जीत के बाद की मुस्कान पर धोनी की यह टिप्पणी फैंस को खूब पसंद आई। धोनी ने आगे पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए लिखा, 'अहमदाबाद में इतिहास बना है। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर के भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद खुशी की बात है।'
धोनी के पोस्ट पर अब कोच गंभीर ने रिप्लाई किया है। उन्होंने कमेंट बॉक्स में मुस्कान वाली बात पर लिखा- और क्या शानदार वजह है इस मुस्कान के लिए। आपको देखकर अच्छा लगा।'
धोनी ने अपने पोस्ट में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी जिक्र किया। हालांकि उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनके बारे में ज्यादा कुछ कहना जरूरी नहीं है। धोनी ने लिखा, 'बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है… चैंपियन गेंदबाज।' दरअसल, फाइनल मुकाबले में बुमराह ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पूरी तरह परेशान कर दिया था। उन्होंने चार विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा। संजू सैमसन ने शानदार 89 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इन दोनों पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टी20 विश्व कप के फाइनल में यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
न्यूजीलैंड की टीम रही बेबस
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ही स्पेल में रचिन रवींद्र को आउट कर न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। टिम साइफर्ट ने जरूर अर्धशतक लगाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। बुमराह ने चार विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
View this post on Instagram
View this post on Instagram