दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि वह नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हैं। उम्मीद है कि दिल्ली की बेहतरी के लिए दोनों मिलकर काम करेंगे। इस बधाई संदेश के बाद भी भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने बड़ी बात कह दी है जो आप को बिल्कुल पसंद नहीं आएगी...
केजरीवाल ने मोदी को ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई, बिधूड़ी ने क्यों कह दी ये बड़ी बात
केजरीवाल के अलावा आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज का कहना है कि प्रजातंत्र के अंदर जनादेश सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। आप जनादेश को स्वीकार करती है। नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनने की बधाई। उम्मीद है कि वह अच्छा काम करेंगे। इस मौके पर उन्होंने ईवीएम पर कोई बात करने से मना किया।
वहीं, सांसद संजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि होता है। प्रधानमंत्री को बड़ी जीत के लिए बधाई। उम्मीद है कि सबका साथ-सबका विकास का नारा साकार होगा और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे।
जरूरत पड़ी तो दिल्ली में राष्ट्रपति शासन की भी मांग करेंगे : बिधूड़ी
अगर मुख्यमंत्री केजरीवाल से दिल्ली को निजात मिल जाए तो अनाधिकृत कॉलोनियों को 90 दिनों के भीतर नियमित करा दूंगा। चाहे इसके लिए संसद में मुझे राष्ट्रपति शासन की मांग ही क्यों न करनी पड़े। अगर ऐसा नहीं होगा तो जनता खुद उन्हें छह महीने बाद जवाब देगी जैसा इस बार दे रही है। यह दावा दक्षिण दिल्ली के भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी का।
जीत की घोषणा से पहले ही बिधूड़ी ने यह दावा किया। उन्होंने बातचीत के दौरान कई बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरा और सुविधाओं की कमी का ठीकरा उनके सिर फोड़ा।दक्षिण दिल्ली के जीजाबाई पॉलीटेक्निक स्थित मतगणना केंद्र में बने मीडिया सेंटर में रमेश बिधूड़ी दूसरे राउंड के बाद ही पहुंच गए। उन्होंने अपने ही खास अंदाज में मीडिया से कई बार बात की।
उन्होंने अपनी जीत के प्रति आश्वासन दिखाते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता ने दोबारा सेवा करने का मौका दिया है और उनकी जीत सेवा की जीत होगी। बिधूड़ी ने कहा कि चौथे चरण की मेट्रो सेवा शुरू कराएंगे। अगर मुख्यमंत्री इसमें सहयोग करते हैं। वह इस रूट को जैतपुर तक लेकर जाएंगे वर्ना यह मेट्रो नहीं बनेगी। बिधूड़ी ने कहा कि वह रिज मैनेजमेंट बोर्ड (आरएमबी) के अधिकार वाली जमीन देने का आग्रह केजरीवाल से करेंगे और करणी सिंह शूटिंग रेंज से आया नगर तक 80 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करवाएंगे ताकि यातायात में सुविधा हो और समय व धन की बचत हो। इस जमीन की पूर्ति ग्राम सभा की जमीन से कर दी जाएगी।