दो हफ्ते पहले ‘अमर उजाला’ ने दीपिका पादुकोण की जिस फिल्म में ऋषि कपूर की जगह अमिताभ बच्चन के आने की खबर सबसे पहले अपने पाठकों तक पहुंचाई थी, उसके बारे में सोमवार को दीपिका पादुकोण ने आधिकारिक घोषणा अपने सोशल मीडिया पर कर दी।
दो हफ्ते पहले ही ‘अमर उजाला’ ने बता दी थी खबर, दीपिका पादुकोण ने अब जाकर किया खुलासा
हॉलीवुड की बहुत ही प्यारी फिल्म ‘द इंटर्न’ की रीमेक के लिए दीपिका पादुकोण के साथ अमिताभ बच्चन को लिए जाने के बारे में ‘अमर उजाला’ ने दो हफ्ते पहले खबर प्रकाशित की थी। अमिताभ बच्चन के कार्यालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने इस बारे में आधिकारिक रूप से तो कुछ नहीं कहा। लेकिन, फिल्म के सह निर्माता सुनीर खेत्रपाल के करीबी सूत्रों ने अमिताभ के दीपिका की इस फिल्म के लिए अपनी रजामंदी देने की बात की पुष्टि कर दी थी।
अमिताभ बच्चन की जोड़ी इस फिल्म में दीपिका पादुकोण के साथ फिल्म ‘पीकू’ के बाद से फिर से बनने जा रही है। फिल्म की कहानी एक रिटायर्ड शख्स के फिर से कॉरपोरेट दुनिया में लौटने की कहानी है जो नए जमाने के सारे नए तौर तरीके सीखने के लिए फिल्म की हीरोइन के दफ्तर में इंटर्न की नौकरी कर लेता है। फिल्म ‘पीकू’ में अमिताभ को अपने जबर्दस्त काम के लिए नेशनल अवार्ड मिल चुका है। ‘पीकू’ में वह दीपिका के पिता बने थे।
दीपिका और अमिताभ की ये फिल्म इसी नाम की हॉलीवुड फिल्म ‘द इंटर्न’ का रीमेक है, जिसे निर्माता सुनीर खेत्रपाल वार्नर ब्रदर्स के साथ मिलकर ही बना रहे हैं। उनका इरादा इस कंपनी की क्लासिक अंग्रेजी फिल्मों को हिंदी में बनाने का है। वह ‘इंटरनल अफेयर्स’ का हिंदी रूपांतरण बनाने की कोशिशें भी अरसे से करते रहे हैं। सुनीर बैंकिंग उद्योग से फिल्म निर्माण में आए हैं। उन्होंने इस तरह की फिल्मों के लिए एक बड़ा फंड भी अपने अंतर्राष्ट्रीय संपर्कों से स्थापित किया है।
वार्नर ब्रदर्स ने पिछले साल जनवरी में फिल्म ‘द इंटर्न’ के हिंदी रीमेक का एलान किया था। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण के साथ ऋषि कपूर लीड रोल करने वाले थे। ओरीजनल फिल्म में ये किरदार एनी हैथवे और रॉबर्ट डि नीरो ने निभाए हैं। लेकिन, ऋषि कपूर के निधन के बाद ये फिल्म हाशिये पर चली गई थी। अब ऋषि कपूर की एक फिल्म ‘शर्माजी नमकीन’ में उनके हिस्से का बचा हुआ काम परेश रावल ने पूरा किया है। और, फिल्म ‘द इंटर्न’ की रीमेक में अमिताभ बच्चन के आने की चर्चा है।
फिर शुरू हुई दीपिका पादुकोण की इस कमाल फिल्म की हलचल, ऋषि कपूर के रोल में महानायक के आने की उम्मीद