साउथ फिल्मों के मशहूर अभिनेता और वर्तमान राजनेता कमल हासन इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। उनके पैर की सर्जरी होने के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि कमल हासन के दायें पैर की हड्डी में इन्फेक्शन की समस्या सामने आई थी जिसके चलते उनकी सर्जरी की गई। इस संबंध में अस्पताल की ओर से कमल हासन का मेडिकल बुलेटिन भी जारी किया गया है। साथ ही उनकी बेटी और एक्ट्रेस श्रुति हासन ने उनका हेल्थ अपडेट भी फैंस के साथ साझा किया है।
पैर की हड्डी में संक्रमण के चलते कमल हासन की हुई सर्जरी, श्रुति हासन ने फैंस के लिए जारी किया हेल्थ अपडेट
अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा गया है- श्री कमल हासन को पैर की हड्डी में हल्के संक्रमण के चलते हुए सर्जरी के मद्देनजर श्री रामचंद्र मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। टिबियल हड्डी में हुए संक्रामक फोकस को हटाने के लिए उनकी सर्जरी की गई थी। अब उनक हालत स्थिर है और वो ठीक हो रहे हैं'।
बता दें कि कमल हासन को कुछ साल पहले पैर में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें पैर में संक्रमण हो गया था जिसके चलते उनकी अब सर्जरी हुई है। ऐसे में डॉक्टर्स ने उन्हें अस्पताल में आराम करने की सलाह दी है। वहीं उनकी बेटियों श्रुति हासन और अक्षरा हासन ने भी बयान जारी कर अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया है।
On behalf of @ikamalhaasan here’s an update ! Thankyou for all the ❤️ pic.twitter.com/poySGakaLS
— shruti haasan (@shrutihaasan) January 19, 2021
एक्ट्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर बयान जारी करते हुए बताया है कि उनके पिता कमल हासन सर्जरी से गुजर रहे हैं। इस बयान में कहा गया है कि, 'इलाज के दौरान हमारे पिता के लिए चिंता जाहिर करने, उनका साथ देने और प्रार्थना करने के लिए हम आपका धन्यवाद करते हैं। हमें आप सभी को ये बताते हुए खुशी हो रही है कि उनकी सर्जरी सफल रही। उनके पैर की सर्जरी आज सुबह श्री रामचंद्र अस्पताल में ऑर्थोपैडिक डॉ. मोहन कुमार और जे एस एन मूर्ति ने की है। डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन हमारे पिता की अच्छे से देखभाल कर रहे हैं'।
बता दें कि आगे बयान में ये भी बताया गया है कि, 'कमल हासन 4-5 दिनों में घर लौट आएंगे। कुछ दिन के आराम और सर्जरी के बाद से वो हमेशा की तरह लोगों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार रहेंगे। उनकी सलामती के लिए आप सभी की प्रार्थनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद। बात करें कमल हासन के राजनीतिक करियर की तो उनकी पार्टी आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उतर रही है। उनकी पार्टी को टॉर्च का चुनाव चिन्ह मिला है। ऐसे में अस्पताल से ठीक होने के बाद कमल हासन चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे।