‘अमर उजाला’ ने जो खबर 21 अगस्त को जगजाहिर कर दी थी, उस पर से आधिकारिक रूप से परदा शनिवार को उठ ही गया। जी हां, अमर उजाला डॉट कॉम ने ही सबसे पहले ये खबर प्रकाशित की थी कि इस साल दशहरा पर रिलीज होने के लिए तैयार हो चुकी निर्देशक एस एस राजामौली की मेगा बजट फिल्म ‘आरआरआर’ की रिलीज टल गई है। शनिवार को फिल्म के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी यही बात फिल्म के निर्माताओं ने जगजाहिर की। कुछ समाचार और एंटरटेनमेंट पोर्टल भले इसे अब ‘ब्रेकिंग न्यूज’ की तरह प्रकाशित कर रहे हों, लेकिन हकीकत यही है कि मेगा बजट फिल्म ‘आरआरआर’ के इस साल दशहरा पर रिलीज नहीं होने की खबर पाठकों को पहले ही हो चुकी हैं।
RRR Movie: फिल्म ‘आरआरआर’ की रिलीज टलने का आधिकारिक एलान, ‘अमर उजाला’ ने पिछले महीने ही दे दी थी खबर
आरआरआरमूवीज नाम से बने ट्विटर हैंडल पर शनिवार को घोषणा की गई कि फिल्म ‘आरआरआर’ का पोस्ट प्रोडक्शन करीब करीब पूरा हो चुका है और फिल्म अगले महीने यानी अक्टूबर में रिलीज के लिए तैयार भी हो जाएगी। लेकिन, जैसा कि तमाम लोगों को पता भी है, हम फिल्म की रिलीज डेट आगे खिसका रहे हैं। इसके साथ ही ये भी कहा गया कि निर्माता फिल्म ‘आरआरआर’ की रिलीज की नई तारीख इसलिए घोषित नहीं कर सकते क्योंकि सिनेमाघर अनिश्चिकाल के लिए बंद हैं। फिल्म की नई रिलीज की तारीख विश्व सिनेमा बाजार के पूरी तरह खुलने के बाद करने की बात इस ट्वीट में कही गई है।
Post production nearly done to have #RRRMovie ready by October’21.
But as known to many, we are postponing the release but cannot announce a new date with theatres indefinitely closed.
We will release at the earliest possible date when the world cinema markets are up and running.
माना यही जा रहा है कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद खुले सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्मों ‘बेलबॉटम’, ‘चेहरे’ और ‘थलाइवी’ के उम्मीद से काफी कम कलेक्शन को देखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने इसकी रिलीज अगले साल के लिए टाल दी है। तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम के अलावा हिंदी में भी रिलीज के लिए तैयार हुई इस फिल्म की रिलीज 13 अक्टूबर को किए जाने का एलान इसके मेकर्स ने साल की शुरूआत में ही किया था।
इसके साथ ही चर्चा ये भी है कि फिल्म ‘आरआरआर’ की कलर स्कीम बहुत कुछ हाल ही में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ जैसी ही है। फिल्म की रिलीज टलने का ये भी एक कारण हो सकता है। फिल्म ‘शांग ची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ में नीले और लाल रंग का इस्तेमाल क्रोध और शांत के भावों को प्रकट करने के लिए फिल्म में किया गया है। बताया जाता है कि निर्देशक एस एस राजामौली ने भी यही प्रयोग अपनी फिल्म में किया है।
फिल्म 'आरआरआर' के निर्माताओं ने इस साल 25 जनवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी करके बताया गया था कि यह फिल्म 13 अक्टूबर 2021 को दशहरा से दो दिन पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के आधिकारिक अकाउंट से लिखा गया, 'इस 13 अक्टूबर को साक्षी बनिए आग और पानी के एक साथ आने के। यह ऐसी ताकतें हैं जो इससे पहले कभी एक साथ महसूस नहीं की गईं। भारतीय सिनेमा के अब तक के सबसे बड़े तालमेल से मिलेगा एक यादगार अनुभव।' एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' दक्षिण के अलावा उत्तर भारतीयों के लिए भी बहुत खास है। क्योंकि, इसमें राम चरण और जूनियर एनटीआर के अलावा हिंदी फिल्मों के अभिनेता अजय देवगन और आलिया भट्ट भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह एक पीरियड ड्रामा फिल्म है जिसकी कहानी देश में आजादी से पहले वर्ष 1920 के आसपास की है।