मंगलवार से ही मुंबई में चर्चा गर्म है कि अभिनेता रणबीर कपूर अपनी मां नीतू सिंह और अभिनेत्री आलिया भट्ट के साथ जो रणथंभौर रवाना हुए हैं तो वहां से वह नए साल में सगाई करके ही लौटेंगे। लेकिन, इससे पहले कि ये वायरल खबर और ज्यादा फैले, रणबीर के चाचा अभिनेता रणधीर कपूर ने इस पर विराम लगा दिया है। उन्होंने बताया है कि रणबीर और आलिया सिर्फ नए साल का जश्न मनाने के लिए गए हैं। दोनों की सगाई की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
रणथंभौर में होगी रणबीर और आलिया की सगाई, रणधीर कपूर ने बताया इस वायरल खबर का सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार के दिन रणबीर, आलिया और नीतू सिंह को एक साथ मुंबई एयरपोर्ट से देखा गया और उसके बाद वे राजस्थान में जयपुर एयरपोर्ट पर भी देखे गए। इस समय तीनों रणथंभौर के एक होटल अमन में ठहरे हुए बताए जाते हैं। नए साल का जश्न मनाने के लिए जहां एक ओर लोग गोवा और मालदीव जा रहे हैं वहीं रणबीर ने आलिया के साथ राजस्थान जाना चुना। इससे मुंबई इंडस्ट्री के लोगों को शक भी हुआ। इसी बीच किसी ने चर्चा छेड़ दी कि रणबीर और आलिया रणथंभौर में सगाई करने वाले हैं। रणबीर कपूर इससे पहले अपने एक वीडियो इंटरव्यू में कह भी चुके हैं कि कोरोना नहीं होता तो वह शादी कर चुके होते।
अब, रणबीर कपूर के ताऊ रणधीर कपूर ने इन सभी बातों को बेबुनियाद ठहराया है। यहां ये उल्लेखनीय है कि रणबीर कपूर के पिता ऋषि कपूर ने कभी अपने बड़े भाई रणधीर कपूर की कोई बात नहीं काटी और अपने करियर के तमाम बड़े फैसले अपने बड़े भाई की सहमति से ही लिए। माना यही जा रहा है कि रणबीर कपूर की शादी भी रणधीर कपूर की मेजबानी में ही होगी। जब भी होगी। रणधीर कहते हैं कि अगर रणबीर और आलिया की सगाई हो रही होती तो परिवार के बाकी सदस्य भी तो उस सगाई समारोह में शामिल होते। लेकिन, ऐसा कुछ है ही नहीं।
रणधीर ने बुधवार को कहा कि ये सभी लोग वहां कुछ दिन छुट्टियां और नए साल का जश्न मनाने के लिए गए हैं। इसके अलावा और कुछ नहीं। आलिया और रणबीर की सगाई की खबरों को और ज्यादा बल इसलिए भी मिला क्योंकि जिस होटल में ये सभी ठहरे हैं, वहीं छुट्टियां मनाने बॉलीवुड की नंबर वन शादीशुदा जोड़ी अभिनेता रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण भी जा पहुंचे हैं।
बीती रात नीतू सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की जिसमें उनके बेटे रणबीर के साथ रणवीर सिंह भी नजर आए। यह फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट छुट्टियां तो साथ बिता ही रहे हैं, इसके अलावा ये दोनों कलाकार एक साथ फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में भी नजर आएंगे। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग हाल के दिनों तक चल रही थी।