मशहूर फिल्म अभिनेता और गोरखपुर के सांसद रवि किशन इस मानसून सत्र में कलाकारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए बिल लाने वाले हैं। संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरु होने वाला है। उससे पहले रवि किशन ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि कलाकार भी समाज के अभिन्न अंग हैं और देश की उन्नति में कलाकारों का योगदान भी अहम होता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए हम मानसून सत्र में कलाकारों की सुरक्षा के लिए विधेयक लाएंगे। यह विधेयक हर विधा के कलाकार यानी एक्टर, सिंगर, पेंटर, म्यूजिशियन, डांसर आदि के लिए होगा, जो कला से जुड़े हैं।
कलाकारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए रवि किशन ने कसी कमर, मानसून सत्र में लाएंगे निजी विधेयक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रवि किशन ने कहा कि इस विधेयक में हर स्तर के कलाकारों को मेडिकल फेसिलिटी, सस्ते दर पर आवास, पेंशन और सरकारी संस्थानों में नौकरी का प्रावधान होगा। यह बिल कलाकारों को सरकार की ओर से एक सपोर्ट होगा, जिसके बाद उनका जीवन स्तर सुधरेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सबको साथ लेकर चलने का काम कर रही है और उन्हें अपने देश के कलाकारों की भी चिंता है।
रवि किशन ने कहा, ’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की मुख्यधारा में कलाकारों को जोड़ने का ये सही वक्त है और इसके लिए यह विधेयक अच्छी पहल साबित होगी।' रवि किशन पूर्व में भी कलाकारों से जुड़ी समस्याओं को सदन के पटल पर उठाते रहे हैं और अब वह कलाकारों के लिए सदन में सामाजिक सुरक्षा बिल लेकर आ रहे हैं।
क्या होता है निजी विधेयक?
संसद के ऐसे सदस्य जो केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री नहीं हैं, उन्हें संसद का गैर-सरकारी सदस्य कहा जाता है। इन सदस्यों द्वारा पेश किये गए विधेयक को गैर-सरकारी विधेयक कहते हैं। यह विधेयक राज्यसभा और लोकसभा दोनों में पेश किया जा सकता है। गैर- सरकारी विधेयक किसी भी विषय से संबंधित हो सकता है, जिसमें संविधान संशोधन विधेयक भी शामिल है। यह विधेयक सार्वजनिक मामलों पर मंतव्य को प्रदर्शित करता है।
रवि किशन का सफरनामा
पिछले 30 साल से अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय रवि किशन की गिनती उन चंद कलाकारों में होती है जिन्होंने हिंदी, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ सिनेमा में काम करके अखिल भारतीय कलाकार की छवि पाई है। उनके प्रशंसकों में उन्हें लेकर अक्सर दीवानगी देखी जाती है। एफएम रेडियो पर उनकी बात करने के अंदाज को कॉपी करके एक रेडियो शो ‘कवि किशन’ भी इन दिनों खूब लोकप्रिय हो रहा है। ‘रंगबाज’ सीरीज से उनका डिजिटल डेब्यू भी हो चुका है। संसद में वह भारतीय जनता पार्टी के सांसद के तौर पर गोरखपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।