मुंबई में कोरोना प्रभावित लोगों की संख्या लगातार बढ़ने और नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) के फिर से बंद हो जाने के बीच रिलायंस एंटरटेनमेंट ने अपनी एक और फिल्म ओटीटी के हवाले कर दी है। निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम है ‘जगमे थंडीरम’ और इस फिल्म में साउथ के सुपरस्टार धनुष मुख्य भूमिका में हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली इस साल की ये पहली तमिल फिल्म होगी।
परिणीति के बाद अब धनुष की फिल्म भी रिलायंस ने सौंपी ओटीटी को, ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज लटकने से हाल बेहाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिलायंस एंटरटेनमेंट के आर्थिक पहलू को लेकर मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में तरह तरह की चर्चाएं तैर रही हैं। कंपनी को सबसे ज्यादा दिक्कत अपनी फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को लेकर हो रही है। इस फिल्म को बनाने के लिए लगे मूल धन का ब्याज लगातार बढ़ता जा रहा है और बार बार इस फिल्म को लेकर खबर यही आती है कि ये फिल्म अगर जल्दी ही थिएटर तक नहीं पहुंची तो सीधे ओटीटी पर जा सकती है। वैसे तो रिलायंस एंटरटेनमेंट अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की इकलौती ऐसी कंपनी है जो पिछले वित्तीय वर्ष तक मुनाफे में रही, लेकिन इस बार हालात बहुत मुश्किल हैं।
लॉकडाउन से ठीक पहले रिलायंस एंटरटेनमेंट की दो बड़ी मेगा बजट फिल्में ‘सूर्यवंशी’ और ‘83’ तैयार हो चुकी थीं। दोनों फिल्मों को थिएटर में ही रिलीज करने की बात कंपनी के ग्रुप सीईओ शिबाशीष सरकार शुरू से कहते रहे हैं, लेकिन पहले हॉलीवुड फिल्मों ‘टेनेट’ व ‘वंडर वूमन 84’ और फिर साउथ की फिल्मों ‘मास्टर’ और ‘क्रैक’ को मिली कामयाबी ने हिंदी फिल्मों की रिलीज पर दबाव काफी बढ़ा दिया है। राजकुमार राव और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘रूही’ को लेकर दर्शक अभी से काफी उत्साहित हैं। पर ‘सूर्यवंशी’ का मामला थिएटर मालिकों और फिल्म के निर्माताओं के बीच मुनाफे की हिस्सेदारी को लेकर अटका हुआ है।
फिल्मों में फंसी अपनी लागत निकालने और अपनी सालाना बैलेंस शीट को ठीक रखने के लिए ही रिलायंस एंटरटेनमेंट ने सबसे पहले अपनी फिल्म ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ नेटफ्लिक्स को बेच दी। और, अब सोमवार को ये जानकारी भी सामने आई है कि कंपनी ने अपनी एक और फिल्म ‘जगमे थंडीरम’ को भी सीधे ओटीटी को सौंप दिया है। रिलायंस एंटरटेनमेंट की साझा कंपनी वाई नॉट स्टूडियोज ने ये फिल्म बनाई है। वाई नॉट स्टूडियोज के साथ रिलायंस की साझेदारी वैसी ही है जैसी हिंदी फिल्मों के लिए कंपनी की साझेदारी इम्यिताज अली की विंडो सीट फिल्म्स, मधु मंटेना की कंपनी फैंटम, रोहित शेट्टी की रोहित शेट्टी पिक्चर्स आदि के साथ है।
‘जगमे थंडीरम’ को सीधे ओटीटी पर रिलीज करने के बारे में फिल्म के निर्देशक कार्ति सुब्बाराज कहते हैं, ‘ये फिल्म मेरी ड्रीम फिल्म है। ये एक ऐसी स्क्रिप्ट पर बनी फिल्म है जो मेरे दिल के बहुत करीब है। इस कहानी को लोगों तक पहुंचाया जाना बहुत ही जरूरी था। अब इस फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का एक नया माध्यम मिला है। 190 देशों में सीधे ये फिल्म ओटीटी के जरिए लोगों तक अलग अलग भाषाओं में पहुंचेगी और मैं भी एक अतरंगी दुनिया (‘जगमे थंडीरम’) की इस कहानी के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया जानने को बेताब हूं।’ फिल्म ‘जगमे थंडीरम’ में धनुष के साथ ऐश्वर्या लक्ष्मी, जोजू जॉर्ज, जेम्स कॉस्मो आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।