पिछले साल से देश लगातार कोरोना वायरस से लड़ रहा है। बड़ी तादात में इसकी चपेट में आने से काफी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है। वहीं परेशानी के इस वक्त में लोग मदद के लिए भी आगे आ रहे हैं। कई बॉलीवुड सेलेब्स ने अपने-अपने तरीके से सहायता का हाथ बढ़ाया है। इनमें ग्लोबल एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा से लेकर अक्षय कुमार और सलमान खान तक शामिल हैं। वहीं सोनू सूद लंबे समय से कोरोना पीड़ितों की मदद करने में लगे हुए हैं। अब बॉलीवुड के अन्ना यानी अभिनेता सुनील शेट्टी भी मदद करने के लिए आगे आये हैं।
सोनू-सलमान के बाद सुनील शेट्टी ने भी बढ़ाया मदद का हाथ, जरूरतमंदों को बांटे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स
इस बात की जानकारी सुनील शेट्टी ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्विटर पर ट्वीट के जरिए दी है। अभिनेता कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों को मुफ्त में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स मुहैया करवाने की मुहिम में जुट गए हैं। उन्होंने परेशान लोगों की मदद करने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं सुनील ने अपने फैंस और अन्य लोगों से भी कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों की मदद करने की अपील की है।
सुनील शेट्टी ने लिखा कि 'हम कठिन समय से गुजर रहे हैं लेकिन हमारे लोगों ने एक-दूसरे की मदद को हाथ आगे बढ़ाया है जो कि उम्मीद की किरण है। मैं सभी दोस्तों और फैंस से अपील करता हूं कि आप भी लोगों की मदद के लिए आगे आएं। मदद चाहिए या आप किसी की मदद करना चाहते हैं तो सीधे मेसेज करें। कृपया इसे अधिक से अधिक शेयर कर लोगों तक पहुंचाएं ताकि सभी को मदद मिल सके।'
उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए बताया कि वह केवीएन फाउंडेशन से जुड़े हैं और लोगों को मुफ्त में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स मुहैया करवा रहे हैं। अपने अगले ट्वीट में सुनील शेट्टी ने फैंस को भी लोगों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया। अभिनेता के इस पोस्ट को फैंस काफी शेयर कर रहे हैं।
We are going through some testing times, but a ray of hope in this is the way our people have joined hands to help each other. I am grateful to be a part of this initiative along with @FeedMyCity1, an initiative of #KVNFoundation, to provide free oxygen concentrators. pic.twitter.com/uhOrvn6tZA
बता दें कि बॉलीवुड के कई सेलेब्स इस आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता के लिए कदम आगे बढ़ा रहे हैं। इसमें सोनू सूद, सलमान खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, शिल्पा शेट्टी, शाहरुख खान समेत कई स्टार लगातार लोगों की मदद में जुटे हैं। वहीं प्रियंका चोपड़ा ने दुनिया से भारत की मदद करने की अपील की है।