वेब सीरीज तांडव को लेकर बवाल मचा हुआ है। आरोप है कि निर्देशक अली अब्बास जफर, सैफ अली खान, लेखक गौरव सोलंकी ने इस वेब सीरीज के जरिए भगवान राम और शिव का अपमान किया है। अब इस मामले में मेकर्स के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
‘तांडव’ को लेकर लखनऊ में निर्देशक अली अब्बास जफर सहित पांच पर केस दर्ज, पढ़ें एफआईआर की पूरी कॉपी
हजरतगंज थाने में तैनात एसएसआई अमरनाथ यादव ने अमेजॉन प्राइम वीडियो की ओरिजिनल कंटेंट हेड अपर्णा पुरोहित, सीरीज के निर्देशक अली अब्बास जफर, निर्माता हिमांशु कृष्ण मेहरा, लेखक गौरव सोलंकी सहित एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि इस सीरीज के रिलीज होने से समुदाय विशेष की भावनाएं भड़क सकती हैं। एफआईआर में लिखा गया है कि 'ट्विटर हैंडल और अन्य सोशल मीडिया निगरानी के दौरान यह पाया गया है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज वेब सीरीज तांडव के विरोध में आक्रोश देखा जा रहा है। वेब सीरीज की फुटेज लोग साझ कर रहे हैं।'
'उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अमेजॉन प्राइम वीडियो पर उक्त वेब सीरीज को देखा गया और पाया गया कि वेब सीरीज के पहले एपिसोड में सत्रहवें मिनट में हिंदू देवी देवताओं का बेहद विद्रूप ढंग से रूप धारण कर धर्म से जोड़कर अमर्यादित तरीके से देवी देवताओं को बोलते दिखाया गया है। साथ ही निम्न स्तरीय भाषा का प्रयोग किया गया है, जो धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला और आघात पहुंचाने वाला है। ऐसे ही संवाद और भी एपिसोड में मौजूद हैं।'
एफआईआर में आगे लिखा है कि 'वेब सीरीज में भारत के प्रधानमंत्री जैसे गरिमामय पद को ग्रहण करने वाले व्यक्ति का चित्रण अत्यंत अशोभनीय ढंग से किया गया है। वेब सीरीज में जातियों को छोटा-बड़ा दिखाकर विभक्त करने वाले और महिलाओं का अपमान करने वाले दृश्य हैं। वेब सीरीज की मंशा एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को भड़काकर वर्ग विद्वेष फैलाने की है। इस वेब सीरीज का इंटरनेट के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार हो रहा है जो समाज के लिए सर्वथा हानिकारक है। सीरीज के निर्माता-निर्देशक द्वारा किया गया यह कृत्य धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने, भड़काने और शासकीय व्यवस्था को क्षति व अश्लीलता फैलाने का काम कर रहा है।'
आगे लिखा है कि 'जानकारी के मुताबिक सीरीज को जारी करने में अमेजॉन प्राइम वीडियो की ओरिजिनल कंटेट हेड अपर्णा पुरोहित, निर्देशक अली अब्बास जफर, निर्माता हिमांशु कृष्ण मेहरा, लेखक गौरव सोलंकी और एक अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं। अनुरोध है कि वेब सीरीज में शामिल उक्त व्यक्तियों के खिलाफ उचित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाए।'