सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त

बाइस्कोप: शाहरुख की इस हरकत को अब तक माफ नहीं किया ऐश्वर्या ने, सलमान की गलती की बेवजह भुगती सजा

Pankaj Shukla पंकज शुक्ल
Updated Sun, 14 Jun 2020 12:45 AM IST
विज्ञापन
chalte chalte this day that year series by pankaj Shukla 13 june 2003 bioscope shahrukh khan aishwarya salman
चलते चलते - फोटो : रोहित झा, अमर उजाला

हिंदी सिनेमा के किस्से इतने अजीब हैं कि मैं जब भी बाइस्कोप लिखने बैठता हूं तो सोचता हूं कि क्या वाकई ऐसा हो चुका है? यकीन शायद ऐश्वर्या राय बच्चन को भी नहीं होता होगा जब शाहरुख खान ने उनके करियर के सबसे हसीन मोड़ पर उनके साथ जो किया था। हम दिल दे चुके सनम की लोकप्रियता के बावजूद ऐश्वर्या राय की फिल्में लगातार या तो औसत बिजनेस कर रही थीं या फिर फ्लॉप हो रही थीं। जोश भी फ्लॉप हो चुकी थी। हम किसी से कम नहीं फ्लॉप हो चुकी थी। यहां तक कि अलबेला का भी कोई नामलेवा नहीं था। वह शक्ति द पॉवर फिल्म में शाहरुख खान के साथ इश्क कमीना गाने पर आइटम डांस करते लोगों को खूब भाईं। देवदास भी लोगों को भा रही थी और ऐश्वर्या को लगने लगा था कि शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी चल निकलेगी और मामला अब जम जाएगा। लेकिन, सोचा हुआ ही हर बार हो जाए तो फिर जिंदगी कैसी! जब सब कुछ ठीक चल रहा था तो शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की इस अच्छे से पनपती जोड़ी का रास्ता सलमान खान ने काट दिया। और, इसकी शुरुआत हुई शाहरुख खान, जूही चावला और अजीज मिर्जा की पार्टनरशिप वाली कंपनी ड्रीम्ज अनलिमिटेड की आखिरी फिल्म चलते चलते के सेट पर। फिल्म की रिलीज के आज 17 साल पूरे हुए हैं, और हमारे आज के बाइस्कोप की फिल्म भी यही है, चलते चलते...



Trending Videos
chalte chalte this day that year series by pankaj Shukla 13 june 2003 bioscope shahrukh khan aishwarya salman
फिर भी दिल है हिंदुस्तानी - फोटो : Social Media

बीसवीं सदी के खत्म होते होते तमाम बड़े सितारे खुद फिल्में बनाने लगे थे या फिर अपनी फिल्मों के मुनाफे में हिस्सेदारी मांगने लगे थे। होता ये पहले से आया था। पहले राजेश खन्ना अपनी फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स ले लिया करते थे। अमिताभ बच्चन टेरिटरी मांग लिया करते थे तो शाहरुख खान और जूही चावला को लगा कि क्यों न इससे दो कदम आगे बढ़कर अपनी खुद की फिल्म कंपनी बना ली जाए। घर में हीरो, घर में हीरोइन तो डायरेक्टर भी घर के ही साथ आए गए यानी कि अजीज मिर्जा। तीनों की आपस में पटती भी खूब थी। अजीज मिर्जा और शाहरुख खान टेलीविजन सीरियल सर्कस के दिनों के साथी थे। इससे पहले जो दो फिल्में राजू बन गया जेंटलमैन और यस बॉस उन्होंने बनाईं, उन दोनों के हीरो शाहरुख ही थे। और, दोनों की हीरोइन भी जूही चावला। गांवों में कहावत चलती है तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा। लेकिन ये तीनों इक्कीसवीं सदी के मुहाने पर खड़े तीन ऐसे कलंदर थे, जिनका काम ही था हर बार एक नया किस्सा बनाना। इस बार तीनों ने एक नई कंपनी बनाई। इस कंपनी की पहली फिल्म बनी फिर भी दिल है हिंदुस्तानी..



फिल्म जीरो का बउवा सिंह जैसे आसमान के तारे तोड़ता है, वैसे ही डिजाइन वाले लोगो के साथ लोगों के सामने आई कंपनी ड्रीम्ज अनलिमिटेड की पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बैठ गई। शाहरुख का अपने दोनों दोस्तों से भरोसा डिगा तो उन्हें पटाकर इस कंपनी के बैनर पर शाहरुख ने फिल्म बनाई, अशोक। कहते वह इसे शुरू से अशोका ही रहे। मशहूर सिनेमैटोग्राफर संतोष सीवन तब तक बतौर निर्देशक एक शॉर्ट फिल्म समेत चार फिल्में बना चुके थे और चारों फिल्मों ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी अलग अलग कैटेगरी में जीते। मणिरत्नम की फिल्म दिल से में शाहरुख को संतोष सीवन का काम करने का तरीका पसंद आया था सो वह उन्हें फिर भी दिल हैं हिंदुस्तानी में भी ले आए थे। इस बार ड्रीम्ज अनलिमिटेड की दूसरी फिल्म की पूरी जिम्मेदारी बतौर निर्देशक शाहरुख ने संतोष को सौंप दी। फिल्म सुपरफ्लॉप रही।

विज्ञापन
विज्ञापन
chalte chalte this day that year series by pankaj Shukla 13 june 2003 bioscope shahrukh khan aishwarya salman
देवदास

इसके बाद अजीज मिर्जा फिर सीन में लौटे। वह अपने साथ ऐश्वर्या राय को भी लाए। फिल्म चलते चलते की शूटिंग शुरू हो गई। काफी कुछ फिल्म का हिस्सा शूट भी हो चुका था कि एक दिन शूटिंग के बीच सलमान खान अपनी गाड़ी लेकर फिल्म के सेट पर घुस गए। खूब हंगामा हुआ। शाहरुख और सलमान की कहासुनी हुई। कारण पक्का किसी को कुछ पता नहीं कि ऐसा क्यों हुआ पर शायद ऐश्वर्या उनके फोन कॉल्स का जवाब नहीं दे रही थीं। सलमान के अहं को इससे ठेस पहुंची और वह चलते चलते के सेट पर चले गए। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि भीगी बिल्ली सी ऐश्वर्या दबे पांव सेट से निकलकर सलमान के साथ चली गईं। शाहरुख चिल्लाते रहे पर ऐश्वर्या ने किसी की नहीं सुनी।

अभिनेता शाहरुख खान तो खैर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के बहुत अच्छे दोस्त थे। लेकिन वहां प्रेमी सलमान खान के अहं को चोट लगी थी, यहां निर्माता शाहरुख खान का अहं आड़े आ गया। गुस्से में उन्होंने वह फैसला ले लिया, जिस पर वह आज भी पछताते हैं। लेकिन उस वक्त वह इतने गुस्से में थे कि सीधे उन्होंने काजोल को फोन किया और अपनी इस फिल्म की हीरोइन बनने की गुजारिश की। शाहरुख को अपने जिस अहंकार पर भरोसा था, वह काजोल ने फिल्म के लिए ना करके चूर चूर कर दिया। इसके बाद शाहरुख खुद रानी मुखर्जी के पास पहुंचे। उनके पास ऐश्वर्या को फिल्म से निकालने का फैसला लेने के बाद अब दूसरा कोई चारा भी नहीं था। फिल्म से जुड़े लोग बताते हैं कि रानी मुखर्जी भी ये फिल्म करना नहीं चाहती थीं, लेकिन शाहरुख के लिए ये फिल्म उन्होंने की।

chalte chalte this day that year series by pankaj Shukla 13 june 2003 bioscope shahrukh khan aishwarya salman
चलते चलते - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

शाहरुख चाहते तो ऐश्वर्या फिल्म में वापस आ सकती थीं, वह लौटकर आईं भी लेकिन उनके मना करते रहने के बाद भी ऐश्वर्या जिस तरह सलमान के साथ चली गईं थी, उसका गुस्सा शाहरुख से कोई सही फैसला नहीं होने दे रहा था। शाहरुख ने सिर्फ चलते चलते से ही ऐश्वर्या को नहीं निकाला। उसके बाद वह यश चोपड़ा की फिल्म वीर जारा का भी हिस्सा नहीं रहीं। बताते हैं कि शाहरुख ने उनके साथ काम कर देने से मना कर दिया था। कुछ और फिल्में भी तब शाहरुख और ऐश्वर्या की साथ में बनने वाली थीं, लेकिन ऐश्वर्या खुद बताती हैं कि ये फिल्म क्यों नहीं बनीं, उन्हें पता ही नहीं चला। बिना किसी गलती के मिली इस सजा का बदला भी ऐश्वर्या ने लिया। फराह खान की फिल्म हैपी न्यू ईयर में लीड रोल के लिए शाहरुख ने पहले ऐश्वर्या से ही बात करने को कहा था, लेकिन ऐश्वर्या ने इस बार अपना अहं दिखाया और फिल्म दीपिका पादुकोण के पास चली गई। चलते चलते के सेट पर हुए हादसे को लेकर शाहरुख ने बाद में बरसों बाद सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार की थी और ये भी कहा था कि व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि मैंने गलत किया था। लेकिन निर्माता के तौर पर तब मुझे यही सही लगा। शाहरुख ने ऐश्वर्या से इस बात के लिए माफी भी मांगी। पर शायद ऐश्वर्या ने अब तक शाहरुख को इस बात के लिए माफ नहीं किया है।

उधर, फिल्म में ऐश्वर्या राय की जगह आईं रानी मुखर्जी ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका और फिल्म मे जबर्दस्त एक्टिंग भी की। अगर आपने फिल्म देखी होगी तो आपको याद होगा वह सीन जिसमें ट्रक को ओवरटेक करते हुए कार रुकती है और फिर रानी मुखर्जी देर तक अंग्रेजी में ड्राइवर को डांटती रहती हैं। या फिर जब राज और प्रिया के झगड़े के बाद वह अपने घरवालों के सामने फफक पड़ती हैं। लेकिन, रानी को इस फिल्म से जो याद आता है वह है उनका पहली बार इस फिल्म की शूटिंग पर ग्रीस जाना। वह कहती हैं, “शाहरुख के साथ काम करना मेरा सबसे पसंदीदा काम है। मैं पहली बार ग्रीस, और एथेंस गई थी और उन लम्हों की यादें अब भी मेरे साथ हैं। नीले और सफेद रंगों के घरों का जो विस्तार वहां था वह मैंने पहले कभी नहीं देखा था।” रानी को इस फिल्म में शाहरुख इतना सुंदर दिखाना चाहते थे कि लोग फिल्म देखते समय विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय की याद तक न करें। मेकअप विशेषज्ञ मिकी कॉन्ट्रैक्टर ने खास तौर से रानी की आंखों को इस फिल्म में बिल्कुल मृगनयनी की तरह पेश किया था। रानी की फिल्म में दिखीं स्मोकी आईज ने बाद में एक नया ट्रेंड शुरू कर दिया था।

विज्ञापन
chalte chalte this day that year series by pankaj Shukla 13 june 2003 bioscope shahrukh khan aishwarya salman
चलते चलते - फोटो : अमर उजाला, मुंबई

फिल्म चलते चलते शाहरुख, जूही और अजीज की बतौर पार्टनर्स आखिरी फिल्म रही। इसके बाद शाहरुख ने अपनी पत्नी गौरी खान के साथ मिलकर रेड चिलीज नाम की कंपनी खोल ली। लेकिन दोनों कंपनियों की कॉमन हस्ती रहे बॉबी चावला, यानी जूही चावला के भाई। जो करीब चार साल तक कोमा में रहने के बाद कोई छह साल पहले दुनिया छोड़ गए। चलते चलते का पूरा काम बॉबी ने ही संभाला था। फिल्म चलते चलते ने बॉक्स ऑफिस पर औसत कारोबार किया था, फिल्म की ओपनिंग ने ये साबित कर दिया था कि शाहरुख फिल्म कैसी भी बनाएं, उनके चाहने वाले अभी दस बीस साल और मौजूद रहेंगे। चलते चलते साल 1993 की तीसरी सबसे ज्यादा ओपनिंग करने वाली फिल्म बनी थी। फिल्म की कहानी प्रेमी से पति पत्नी बने राज और प्रिया की कहानी है। दोनों के बीच होने वाले प्रेम, शंकाएं, झगड़े और फिर सुलहनामे की इस कहानी में कुछ खास नयापन तो नहीं था लेकिन फिल्म के गानों ने इसका बेड़ा पार कर दिया। फिल्म में अभिजीत ने तीन गाने गाए और तीनों सुपरहिट रहे और फिल्म को ओपनिंग दिलाने व फिल्म को कामयाब बनाने में इन तीनों गानों का ही सबसे बड़ा योगदान रहा। जावेद अख्तर का लिखा और जतिन ललित का कंपोज किया ये गाना तो फिल्मफेयर अवार्ड्स में भी नॉमीनेट हुआ था...



गानों के अलावा फिल्म चलते चलते की दूसरी सबसे बड़ी हाईलाइट थी अशोक मेहता की सिनेमैटोग्राफी। देसी विदेशी लोकेशंस को जिस तरह उन्होंने कैमरे में कैद किया वह वाकई काबिले तारीफ और दर्शनीय है। फिल्म में अमिताभ श्रीवास्तव की एडीटिंग की भी तारीफें लोगों ने खूब कीं। रूमी जाफरी ने फिल्म के डॉयलॉग लिखे थे और दो घंटे 48 मिनट की इस फिल्म को लोगों ने पसंद भी ठीक ठाक किया था। कोई 11 करोड़ में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ के आसपास कमाई करने में कामयाब रही थी। फिल्म सुपरहिट या ब्लॉकबस्टर तो नहीं बन पाई लेकिन हां, इसने शाहरुख के चाहने वालों का मनोरंजन भरपूर कर दिया। फिल्म ने ओवरसीज में उस साल तमाम हिंदी फिल्मों मसलन कोई मिल गया, द हीरो, बागबान आदि के मुकाबले बेहतर बिजनेस किया था। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

पढ़ें: बाइस्कोप: मिथुन का ये अभिनय देख साष्टांग दंडवत करते हुए जमीन पर लेट गए थे सुपरस्टार डॉ. राजकुमार

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed