उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में आलू के बाद अब प्याज पर भी मौसम की मार पड़नी शुरू हो गई है। 15 दिन पहले जो प्याज आलू से आधी कीमत पर बिक रहा था अब उसकी कीमत आलू के बराबर हो गई है। फुटकर बाजार में प्याज 36 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। आलू और प्याज की कीमतें बढ़ने से गृहणियों के किचन का बजट गड़बड़ा गया है। जो लोग एक किलो प्याज खरीदते थे अब आधा किलो में ही काम चला रहे हैं।
आलू के बाद अब प्याज ने निकाले आंसू, जानिए कितना पहुंचा इसका भाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्याज के दामों में अचानक हुई बढ़ोत्तरी ने व्यापारियों के साथ ही आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लॉकडाउन के दौरान लगभग तीन महीने लोगों को महंगी हरी सब्जियां खरीदनी पड़ीं, लेकिन आलू-प्याज ने लोगों को राहत दी हुई थी। लॉकडाउन खत्म होने के साथ ही आलू और प्याज के दामों में तेजी आनी शुरू हो गई।
लॉकडाउन के दौरान जो आलू 20 रुपये किलो बिक रहा था वह इन दिनों पिछले दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचकर फुटकर बाजार में 35 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। जबकि महेवा थोक मंडी में आलू 28 से 32 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, पिछले 15 दिनों से आलू के दाम स्थिर हैं, लेकिन प्याज की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। 15 दिन पहले 18 से 20 रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब 36 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। थोक मंडी में प्याज की कीमतें 28 से 32 रुपये किलो हैं।
प्याज व्यापारी शम्स अहमद राईन ने बताया कि दक्षिण भारत में असमय हुई बारिश से वहां प्याज की फसल बर्बाद हो गई है। ऐसे में महाराष्ट्र के नासिक से प्याज दक्षिण भारत के राज्यों में भेजी जा रही है, जिससे उत्तर भारत में प्याज की आवक कम हो गई है। इससे प्याज की कीमतों में उछाल आ गया है।
प्याज व्यापारी नौशाद ने बताया कि आलू की कीमत पिछले कुछ दिनों से स्थिर है, लेकिन प्याज की कीमत लगातर बढ़ रही है। मांग की तुलना में प्याज की आवक नहीं है। इससे व्यापारियों के साथ ही आम लोगों को महंगी प्याज खरीदनी पड़ रही है। नासिक मंडी से ही प्याज 25 रुपये किलो मिल रहा है।
गृहणी रितु शर्मा ने बताया कि आलू और प्याज ने किचन का बजट बिगाड़ दिया है। खाने में आलू और प्याज के इस्तेमाल को कम कर दिया है। जहां पहले एक किलो प्याज प्रतिदिन खर्च करती थी अब आधे किलो में काम चला रही हूं।
गृहणी अभिलाषा श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले 15 दिनों में प्याज की कीमतों में अचानक आए उछाल से किचन का बजट बिगड़ गया है। खाने में ऐसी सब्जियों का इस्तेमाल कर रही हूं, जिसमें प्याज और आलू की जरूरत न पड़े।