मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर कार्यकर्ता के सुख दुख में भी पूरा साथ देते हैं। खुद को योगी सेवक बताने वाले अकोलही गांव के अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रोक कर उन्हें अपनी बेटी अंजली के विवाह कार्यक्रम में आने को आमंत्रित किया। वहीं, सूबा बाजार से मां तस्लीमा के साथ आई सात माह की रोजी, माता बेबी के साथ आई सात माह की आस्था और जंगल सिकरी की सरिता के सात माह के बेटे करन को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। साथ ही मेले में स्वास्थ्य जांच कराने आईं गर्भवती अंजली, सरिता, सुमिता, अन्नू और विमला की गोद भराई की रस्म पूरी कराई।
मुख्यमंत्री योगी को बेटी की शादी का आमंत्रण पत्र देकर अखिलेश यादव बोले- 25 वर्ष से भाजपाई हूं
महिलाओें ने मुख्यमंत्री के हाथों गोदभराई की रस्म अदा किए जाने को जीवन का सबसे यादगार क्षण करार दिया। उधर, अकोलही गांव के अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री को अपनी बेटी के विवाह कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया। अखिलेश ने सीएम को बताया कि बेटी का तिलक 3 मई को और विवाह 17 मई तो होना निश्चित हुआ है। योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सोमवार को मंदिर पर आने को कहा। अखिलेश यादव ने कहा कि वहां लोग आपसे मिलने नहीं देते तो सीएम बोले कि जो रोके उसे बता दें कि महराज ने बुलाया है। अखिलेश यादव ने बताया कि वह 25 वर्ष से भाजपा में हैं।
नुमाइश ग्राउंड में महंत दिग्विजय नाथ की मूर्ति लगेगी। शासन ने महंत दिग्विजयनाथ की मूर्ति उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग को दी है। वहीं जीडीए इसे लगाने का काम करेगा। गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में कहा कि मानबेला में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के बनने की संभावना को देखते हुए वहां आने-जाने के लिए रास्ते भी बेहतर होने चाहिए। उन्होंने कमिश्नर को अफसरों के साथ जाकर साइट विजिट करने का भी निर्देश दिया।
कहीं भी सड़क संकरी नहीं होने पाए
मुख्यमंत्री योगी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोहद्दीपुर जंगल कौड़िया फोरलेन के निर्माण में तेजी लाने के साथ यह भी निर्देश दिया कि कहीं भी सड़क संकरी नहीं होने पाए। वहीं जीडीए के अधिकारियों ने पत्रकारपुरम का लेआउट फाइनल होने की जानकारी दी। बताया कि जिन लोगों ने इसके लिए पूर्व में रजिस्ट्रेशन कराने के साथ शुल्क जमा किया है, उन्हें आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा मंडल प्रभारी ने दिया मांगपत्र
खोराबार के भाजपा मंडल प्रभारी छोटेलाल पासवान ने सीएम को चार बिंदुओं का मांगपत्र सौंप कर कार्रवाई की मांग की। पत्रक में खोराबार ग्रामसभा के सूबा बाजार से पड़ाका चौराहे तक सीसी रोड निर्माण, खोराबार में मिनी स्टेडियम का निर्माण, जीडीए की ओर किए जा रहे भूमि अधिग्रहण में लोगों के हित में उचित कदम उठाने की मांग की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो गरीब परिवार प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ पाने से वंचित रहे गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान (सीएमजेएवाई) का लाभ दिया जाएगा। सीएमजेएवाई में भी गरीब परिवार को पांच लाख रुपये प्रति वर्ष निशुल्क चिकित्सा का लाभ दिया जाता है। इस योजना के तहत लाभार्थी इंपैनल्ड निजी अस्पताल या सरकारी अस्पताल में निशुल्क इलाज की सुविधा ले सकते हैं।
स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं रहीं उपलब्ध
मेले में स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध रहीं। फिजीशियन, मानसिक रोग, बाल रोग, दवा वितरण, आयुष्मान भारत गोल्डेन कार्ड वितरण, नेत्र रोग, महिला विशेषज्ञ, दंत रोग, परिवार कल्याण, आर्थो सर्जन, टीबी, टीकाकरण, आयुष, सेनेटरी नेपकीन वितरण, पैथोलॉजी के अलावा स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने के काउंटर लगाए गए थे। आयुष के तहत आचार्य राजशेखर यादव के नेतृत्व में प्रमोद यादव, रानी चंद्रा, पूजा गुप्ता, जूली सिंह, श्यामबली मिश्र आदि ने मंच पर योगासन कर लोगों को स्वस्थ रहने का मंत्र दिया।
