अमर उजाला की ओर से मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को सोशल डिस्टेंसिंग के बीच गोरखपुर के कमिश्नर सभागार में किया गया। जहां मुख्य अतिथि कमिश्नर जयंत नार्लीकर ने यूपी बोर्ड के मेधावियों को सम्मान पत्र और पुरस्कार प्रदान कर हौसला बढ़ाया। साथ ही बच्चों को सफलता मंत्र देते हुए अपने भविष्य के साथ- साथ देश और समाज के हित में काम करने का संकल्प दिलाया। कहा कि कल आप में से कोई आईएसए अफसर, डॉक्टर और इंजीनियर बनेगा। मगर कभी भी अपने अंदर की अच्छाई को खत्म न होने दें। देश और परमात्मा के प्रति हमेशा कृतज्ञ रहें।
'अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान' पाकर खिल उठे मेधावियों के चेहरे, कमिश्नर बोले- यही हैं देश के भविष्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कमिश्नर ने कहा कि बच्चे दसवीं के बाद ही अपने करियर के लिहाज से अपनी पसंदीदा फील्ड का चुनाव करें। पूरे मनोयोग से उसमें जुट जाएं। सम्मान समारोह को लेकर बच्चों के अंदर भी जोश और उत्साह नजर आया। तय समय से पहले ही मेधावी अपने अभिभावकों के साथ कमिश्नर सभागार पहुंचे। जहां कोविड प्रोटोकॉल के तहत एक- एक कर मेधावियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने इस यादगार लम्हों को अपने मोबाइल में कैद किया। विशिष्ट अतिथि डीआईओएस ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बच्चों को सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों के पास मेधा की कोई कमी नहीं है। अब अभिभावकों से ये अपेक्षा की जाती है कि वो उन्हें स्कूलों तक भेजने के प्रति सजगता दिखाएं। अमर उजाला की ओर से प्रत्येक वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को लखनऊ में बड़े कार्यक्रम का आयोजन कर सम्मानित किया जाता था। इस बार कोरोना का संकट है। लिहाजा, मंडल और जिला स्तर पर मेधावियों को सम्मानित करने का फैसला किया गया। यूपी बोर्ड की जिला स्तरीय मेरिट लिस्ट में इस बार दसवीं और बारहवीं के आठ मेधावियों ने जगह बनाई थी। इंटर के टॉपर अभिषेक सिंह के दिल्ली में होने की वजह से उनका पुरस्कार पिता रामकेश सिंह ने कमिश्नर के हाथों ग्रहण किया।
- स्वाति साहनी 91.81 जिला टॉपर सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, आर्यनगर उत्तरी
- सचिन यादव 91.17 द्वितीय (संयुक्त) महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, गोरखपुर
- सौरभ कुमार साहनी 91.17 द्वितीय सेंट मेरी इंटर कॉलेज गोरखपुर
- नीतू सिंह 91.00 तृतीय एसबीबीपीजी इंटर कॉलेज हरपुर लुहसी
- अभिषेक सिंह 87.40 जिला टॉपर एएन सिंह एसएसएस बलुआ सिहोरवा गोरखपुर
- रितू सिंह 87.00 द्वितीय नेहरू इंटर कॉलेज पिपराईच
- अनुपम ओझा 86.40 तृतीय (संयुक्त) भूमिधर इंटर कॉलेज, सिकरीगंज
- संगम गुप्ता 86.40 तृतीय न्यू पब्लिक कॉलिजिएट इंटर कॉलेज हरदत्तपुर, सिकरीगंज