नई दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर योगी सरकार ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला की शुरूआत की है। जो गरीब परिवार प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ पाने से वंचित रहे गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान (सीएमजेएवाई) का लाभ दिया जाएगा। सीएमजेएवाई में भी गरीब परिवार को पांच लाख रुपये प्रति वर्ष निशुल्क चिकित्सा का लाभ दिया जाता है।
दिल्ली सरकार की राह पर सीएम योगी, मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर यूपी में ये मुफ्त स्वास्थ्य योजना शुरू
घर के पास बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से सरकार ने इसी फरवरी से यूपी के 4300 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेला लगाने का सिलसिला शुरू किया है, जो 31 मार्च तक जारी रहेगा। गोरखपुर की 78 चिकित्सकीय इकाइयों पर इलाज की व्यवस्था की गई है। चिकित्सकीय उपचार के साथ ही आयुष्मान कार्ड भी बनाया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार से जुड़ीं योजनाओं की जानकारी जा रही है।
टीकाकरण, मातृ-शीशु की देखभाल, परिवार नियोजन, पैथालॉजी जांच और योग से निरोग रहने का मंत्र भी दिया जा रहा है। इसी तरह की सुविधाएं नई दिल्ली की मोहल्ला क्लीनिकों में भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहला स्वास्थ्य मेला दो फरवरी को लगा था। इसका लाभ यूपी के तीन लाख से ज्यादा लोगों ने उठाया था। यह दूसरा स्वास्थ्य मेला है। बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को निशुल्क उपचार मिल रहा है।
स्वास्थ्य मेला में 10,638 लोगों का उपचार
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला में रविवार को गोरखपुर के 10,638 लोगों ने उपचार कराया। 78 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र पर आए 95 मरीजों को निशुल्क इलाज के लिए जिला अस्पताल या फिर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। 78 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। स्वास्थ्य मेला को सफल बनाने में 200 डॉक्टर और 375 पैरामेडिकल स्टॉफ लगा रहा। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि पहले स्वास्थ्य मेला में 8000 से लोगों ने इलाज कराया था।
स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं रहीं उपलब्ध
खोराबार में लगे मेले में स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध रहीं। फिजीशियन, मानसिक रोग, बाल रोग, दवा वितरण, आयुष्मान भारत गोल्डेन कार्ड वितरण, नेत्र रोग, महिला विशेषज्ञ, दंत रोग, परिवार कल्याण, आर्थो सर्जन, टीबी, टीकाकरण, आयुष, सेनेटरी नेपकीन वितरण, पैथोलॉजी के अलावा स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने के काउंटर लगाए गए थे। आयुष के तहत आचार्य राजशेखर यादव के नेतृत्व में प्रमोद यादव, रानी चंद्रा, पूजा गुप्ता, जूली सिंह, श्यामबली मिश्र आदि ने मंच पर योगासन कर लोगों को स्वस्थ रहने का मंत्र दिया।
गोरखपुर सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि जिस तरह से नई दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक में इलाज की सारी व्यवस्था रहती है, उसी तरह स्वास्थ्य मेला में भी है। जो लोग स्वास्थ्य मेला में आते हैं, उनके रक्त, हीमोग्लोबीन, यूरिन, शुगर, ब्लड प्रेशर की जांच तुरंत की जाती है। प्रेग्नेंसी टेस्ट भी हो जाता है। आयुष, मेडिकल कॉलेज के साथ ही निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों की मदद ली जा रही है।
