राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर गीता प्रेस, गोरखनाथ मंदिर और सर्किट हाउस रोड को चमकाने के साथ ही आकर्षक लाइटों से रोशन किया जा रहा है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में फिलहाल बोटिंग कार्यक्रम शामिल नहीं है, मगर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) उन्हें रामगढ़ताल की सैर कराने के लिए एक विशेष बोट भी तैयार करा रहा है। साथ ही ताल में जितने भी बोट संचालित होते हैं, उनका रंग-रोगन कराया जा रहा है।
President Visit: राष्ट्रपति के लिए विशेष बोट भी तैयार रखेगा जीडीए, दीवारों पर पेंटिंग से उकेरी जा रही कला-संस्कृति
राष्ट्रपति का चार जून की शाम को रामगढ़ताल किनारे साउंड एंड लाइट शो देखने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे देखते हुए प्राधिकरण, पूरे नया सवेरा को चमकाने में जुटा है। साफ-सफाई के साथ ही दीवारों पर पेंटिंग के जरिए देश की कला-संस्कृति को उकेरा जा रहा है। जेटी से लेकर डिवाइडर तक की पेंटिंग कराई जा रही है। बृहस्पतिवार की शाम तक नया सवेरा पर तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। बुधवार को जीडीए के अधिकारी, पूरे दिन वहां मौजूद रहकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। साथ ही बड़ी संख्या में मजदूर लगाकर पूरे सर्किट हाउस रोड के किनारे सफाई कराई गई।
राष्ट्रपति के दौरे के लिए बिजली निगम भी मुस्तैद
बिजली निगम ने भी राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सर्किट हाउस से लेकर गीता प्रेस के रास्तों पर ट्रांसफार्मरों, झूलते तार और टेढ़े बिजली के खंभों को सीधा किया जा रहा है। इसके अलावा गीता प्रेस और सर्किट हाउस पर खंडवार अभियंताओं की तैनाती की गई है। 8 घंटे की शिफ्ट में अभियंता व अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि सर्किट हाउस, गीता प्रेस और गोरखनाथ मंदिर में बिजली निगम ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। यहां 24 घंटे अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे।
जिला अस्पताल समेत छह जगहों पर बनाए जाएंगे सेफ हाउस
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अस्पताल समेत छह जगहों पर सेफ हाउस बनाए जाएंगे। साथ ही जीवन रक्षक दवाओं के साथ छह एंबुलेंस भी मौजूद रहेंगी। सभी एंबुलेंस और सेफ हाउस में तीन-तीन डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी लगाई गई है। एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सेफ हाउस के साथ रेफर सेंटर भी बनाया गया है। एयरपोर्ट, गीता प्रेस, सर्किट हाउस और गोरखनाथ मंदिर में भी सेफ हाउस तैयार किया जा रहा है। फ्लीट के लिए देवरिया, महराजगंज और कुशीनगर से एएलएस एंबुलेंस मंगाए जाएंगे।
प्रमुख चौराहों को फूलों से सजाएगा नगर निगम
राष्ट्रपति के आगमन पर नगर निगम, उनका भव्य स्वागत करेगा। राष्ट्रपति जिस भी मार्ग से होकर गुजरेंगे, वहां पड़ने वाले चौराहों को नगर निगम फूलों से सजाएगा। चार जून की दोपहर तक चौराहों को सजाने का काम पूरा हो जाएगा। इसे लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
निगम, वाराणसी समेत अन्य स्थानों से फूल मंगा रहा है। तैयारियों के क्रम में निगम, शहर के विद्युत पोलों पर एलईडी स्ट्रिप लगा रहा है। इससे रात में शहर की सुंदरता बढ़ गई है। सड़कों के किनारे नगर निगम गमले भी रखवा रहा है। शास्त्री चौक, महापौर कार्यालय समेत अन्य स्थानों पर वर्टिकल गार्डेन को सजाने का काम शुरू हो गया है। गीता प्रेस के आसपास के नालों में प्राकृतिक खुशबू वाले एंटीलार्वा सेंट्रीला का छिड़काव कराया जाएगा। नगर निगम ने एंटीलार्वा की खरीद कर ली है। बृहस्पतिवार से इसे नालों में डालने का काम शुरू कर दिया जाएगा।