पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ सुहागिनों ने बृहस्पतिवार को करवा चौथ का व्रत रखा। रात में हल्की बारिश और बादलों के कारण चंद्रमा के दर्शन नहीं हुए। ऐसे में सुहागिनों का विश्वास अटूट रहा। महिलाओं ने शुभ मुहूर्त में अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की और व्रत पूरा किया।
देर शाम सोलह शृंगार कर सजीं महिलाएं पूजा की थाली लेकर चंद्रमा के निकलने का इंतजार करती रहीं। चंद्रोदय का निर्धारित समय रात 7:57 बजे था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण चांद नजर नहीं आया। रात में हल्की बारिश होने से महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। इसके बाद महिलाओं ने परंपरा और मान्यताओं के अनुसार पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु की कामना की। कई महिलाओं ने चंद्रमा के प्रतीकात्मक दर्शन कर व्रत पूरा किया।
चंद्रमा के दर्शन नहीं होने के बावजूद महिलाओं ने चलनी, दीपक, करवा और पूजा सामग्री के साथ विधि-विधान से पूजन किया। पति की आरती उतारकर उनके हाथों जल ग्रहण कर निर्जला व्रत खोला। इस दौरान पतियों ने भी अपनी जीवनसंगिनी को उपहार देकर प्रेम और साथ निभाने का अहसास कराया।
2 of 6
सांसद रवि किशन ने मनाया करवा चौथ
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
गोरखपुर सांसद रवि किशन ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर आयोजित करवाचौथ पूजन में सम्मिलित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की एवं ईश्वर से सभी के सुख, सौभाग्य, समृद्धि और खुशहाल जीवन की मंगलकामना की।
3 of 6
विधि-विधान से करवा चौथ व्रत पूजा करती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
बृहस्पतिवार शाम विष्णु मंदिर, बेतियाहाता हनुमान मंदिर, महादेव झारखंडी मंदिर, गोरखनाथ मंदिर और मोहद्दीपुर स्थित गोपाल मंदिर समेत अन्य मंदिरों में महिलाओं ने समूह में पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने करवा चौथ की कथा सुनी और पति की लंबी उम्र के साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घरों में भी महिलाओं ने पूजा की तैयारी की और विधि-विधान से व्रत की परंपराएं निभाईं। मौसम की बाधा के बीच भी पति-पत्नी के अटूट प्रेम, विश्वास और समर्पण का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया।
4 of 6
मोहद्दीपुर गोपाल मंदिर में करवा चौथ व्रत पूजा करती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
करवा चौथ के अवसर पर गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित गोपाल मंदिर में महिलाओं ने विधि-विधान से व्रत पूजा की। सुहागिन महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना की।
5 of 6
सुहागिन महिलाओं ने एक साथ बैठकर सामूहिक रूप से करवा माता की पूजा की और कथा सुनी
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
करवा चौथ के पर्व पर उल्लास के साथ सुहागिन महिलाओं ने सोलह शृंगार कर सामूहिक रूप से करवा माता की पूजा की और व्रत कथा सुनी। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना की।